पीएम मोदी ने बांसवाड़ा में 1.22 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुरुवार को बांसवाड़ा में 1,22,100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने यहां 15,000 से अधिक नियुक्ति पत्र भी बांटे और तीन ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई। इस दौरान पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा।

ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा कदम

पीएम मोदी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 90,000 करोड़ रुपये की बिजली परियोजनाओं की शुरुआत की घोषणा भी की। इसमें राजस्थान में सौर ऊर्जा परियोजनाएं, ट्रांसमिशन लाइनें और बांसवाड़ा में परमाणु ऊर्जा परियोजना शामिल हैं। इसे लेकर उन्होंने कहा, राजस्थान की धरती से आज बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। भारत सौर से परमाणु तक ऊर्जा के नए कीर्तिमान बना रहा है। आज राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। यह दिखाता है कि आज देश बिजली की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और इस रफ्तार में देश का हर हिस्सा शामिल है। हर राज्य को प्राथमिकता दी जा रही है। 

2014 में भारत के 2.5 करोड़ घर ऐसे थे जहां बिजली का कनेक्शन नहीं था

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बिजली के महत्व पर ध्यान ही नहीं दिया। जब 2014 में आपने मुझे सेवा का अवसर दिया और जब मैंने दायित्व संभाला, तब भारत के 2.5 करोड़ घर ऐसे थे जहां बिजली का कनेक्शन नहीं था। आजादी के 70 साल बाद भी देश के 18,000 गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं लगे थे। देश के बड़े-बड़े शहरों में घंटों तक बिजली कटौती होती थी और गांवों में तो 4-5 घंटे बिजली आ जाए, यह बड़ी बात मानी जाती थी।

2014 में हमारी सरकार ने इन हालातों को बदलने का संकल्प लिया

उन्होंने कहा कि 2014 में हमारी सरकार ने इन हालातों को बदलने का संकल्प लिया और हमने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई। हमने 2.5 करोड़ घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया, और जहां-जहां तार पहुंचे, वहां बिजली भी पहुंची। इससे लोगों की जिंदगी आसान हुई और नए-नए उद्योग भी स्थापित हुए। 21वीं सदी में जिस देश को तेजी से विकास करना है, उसे अपने यहां बिजली उत्पादन बढ़ाना ही होगा। इसमें सबसे सफल वही देश होंगे, जो स्वच्छ ऊर्जा में आगे रहेंगे। इसलिए हमारी सरकार स्वच्छ ऊर्जा के अभियान को जनआंदोलन बनाकर आगे बढ़ा रही है।

कांग्रेस ने राजस्थान को लूटकर जो जख्म दिए, उसे भरने का काम हमारी सरकार कर रही है

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान को लूटकर जो जख्म दिए, उसे भरने का काम हमारी सरकार कर रही है। कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर लीक का केंद्र बन गया था, जल जीवन मिशन को भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया था, महिलाओं पर अत्याचार चरम पर था और बलात्कारियों को संरक्षण दिया जा रहा था। कांग्रेस सरकार में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जैसी जगहों पर अपराध और अवैध शराब का कारोबार खूब पनपा। जब आपने भाजपा को मौका दिया, तब हमने कानून व्यवस्था को मजबूत किया और विकास परियोजनाओं में तेजी लाई। आज भाजपा सरकार राजस्थान को तेज विकास की राह पर आगे बढ़ा रही है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आज से 11 साल पहले, कांग्रेस के समय हालात कितने खराब थे, क्योंकि कांग्रेस सरकार देशवासियों का शोषण करने में लगी हुई थी। कांग्रेस सरकार देश के लोगों को ही लूट रही थी। कांग्रेस के समय में टैक्स और महंगाई दोनों आसमान पर थे। जब आपने मोदी को आशीर्वाद दिया, तब हमने कांग्रेस की लूट को बंद किया।

स्वच्छ ऊर्जा को जन आंदोलन बनाने का ऐलान

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सोलर पैनल और पीएम-किसान योजना के तहत खेतों में सोलर पंप की शुरुआत की। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार स्वच्छ ऊर्जा को जन आंदोलन बना रही है।” यह योजनाएं लाखों किसानों और घरों को मुफ्त बिजली दे रही हैं।

आदिवासी कल्याण और रोजगार

पीएम ने आदिवासी समुदाय के लिए गरिमापूर्ण जीवन का संकल्प दोहराया। राजस्थान के लिए 30,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गईं, जो पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करेंगी। साथ ही, वंदे भारत सहित तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई और 15,000 युवाओं को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र दिए।

विकसित भारत में राजस्थान की भूमिका

पीएम ने कहा, “भारत विकसित देश बनने की राह पर है, और राजस्थान इसमें अहम भूमिका निभाएगा।” यह आयोजन ऊर्जा, विकास और कल्याण के नए युग की शुरुआत है।

नवरात्रि के चौथे दिन, पीएम मोदी ने मां त्रिपुरा सुंदरी और मां माही को नमन करते हुए इस धरती को सौभाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने माही नदी को आदिवासी समुदाय की दृढ़ता का प्रतीक बताया और महायोगी गोविंद गुरु, महाराणा प्रताप व राजा बंसिया भील को श्रद्धांजलि अर्पित की। (इनपुट-एजेंसी) 

RELATED ARTICLES

1 hour ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

2 hours ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...