धनतेरस पर पीएम मोदी का संदेश: भगवान धन्वन्तरि को किया नमन, सभी देशवासियों को दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सभी देशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संदेश साझा करते हुए भगवान धन्वन्तरि को श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया और हर परिवार में सुख, शांति तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री ने लिखा, “सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।”

संस्कृत श्लोक साझा कर किया नमन

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश के साथ एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया। श्लोक इस प्रकार है:

“नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्।
लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥”

इसका भावार्थ है कि मैं आदिदेव भगवान धन्वन्तरि को सादर नमन करता हूं, जिनके चरणकमल देवताओं और असुरों द्वारा भी वंदित हैं। वे समस्त लोकों में बुढ़ापे, रोग, भय और मृत्यु का नाश करने वाले तथा विविध प्रकार की औषधियों के प्रदाता और परमेश्वर हैं।

यह श्लोक ‘श्री धन्वन्तरि स्तोत्रम्’ से लिया गया है। आयुर्वेद के प्राचीन ग्रंथों और संहिताओं में भगवान धन्वन्तरि की स्तुति तथा मंगलाचरण के रूप में इसका प्रमुखता से उपयोग किया जाता है।

धनतेरस और भगवान धन्वन्तरि का महत्व

धनतेरस (धनत्रयोदशी) के दिन भगवान धन्वन्तरि की विशेष पूजा की जाती है। आयुर्वेद के चिकित्सक और सनातन धर्म के अनुयायी इस श्लोक का पाठ अच्छे स्वास्थ्य, लंबी आयु और निरोगी जीवन की कामना के लिए करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के इस संदेश ने त्योहार के पावन अवसर पर स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया है। (इनपुट-एजेंसी)