प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को शहरी भारत के परिवहन ढांचे में हुए अभूतपूर्व बदलाव पर प्रकाश डाला। एक्स पर साझा किए गए अपने पोस्ट में उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में महज पांच शहरों में कुल 248 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क था। आज यह आंकड़ा लगभग 1,200 किलोमीटर तक पहुंच चुका है और 26 शहरों को जोड़ रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि अगर मेट्रो विस्तार की रफ्तार 2014 से पहले जैसी ही रहती, तो पुणे जैसे शहरों को मेट्रो सेवा के लिए सालों नहीं बल्कि दशकों तक इंतजार करना पड़ता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्थिति स्वीकार्य नहीं थी, इसलिए शहरी परिवहन के विस्तार को नई गति दी गई।
ट्रैफिक से मुक्ति, परिवार के साथ ज्यादा समय और बेहतर उत्पादकता
प्रधानमंत्री मोदी ने मेट्रो के प्रभाव को सिर्फ आंकड़ों तक सीमित नहीं बताया। उन्होंने लिखा, “मैं आपसे पूछता हूं… अगर भारत का मेट्रो नेटवर्क 2014 से पहले की रफ्तार से बढ़ता रहता, तो पुणे जैसे शहरों में मेट्रो आने में कितना समय लगता? सालों… नहीं… शायद दशकों। और यह बात बिल्कुल अस्वीकार्य थी। 2014 में, भारत में सिर्फ 5 शहरों में 248 किलोमीटर मेट्रो लाइनें थीं। आज, हमारे पास 26 शहरों में लगभग 1,200 किलोमीटर मेट्रो लाइनें हैं। प्रतिदिन 1 करोड़ से अधिक लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं। इसका प्रभाव सिर्फ आंकड़ों या संख्याओं तक सीमित नहीं है। इसका मतलब है ट्रैफिक में कम समय, परिवार के साथ अधिक समय, बेहतर उत्पादकता और बेहतर अवसर। शहरी भारत के लिए हम इसी बदलाव की दिशा में काम कर रहे हैं!”
पुणे मेट्रो पिंक लाइन: महिला ऑपरेटर और सौर ऊर्जा से जुड़ी अनूठी पहल
पीएम मोदी ने 2 नवंबर को अपनी एक अन्य पोस्ट में पुणे मेट्रो की नई पिंक लाइन (लाइन-3) का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 23 किलोमीटर लंबी यह लाइन हिंजेवाड़ी के आईटी हब को शिवाजीनगर से जोड़ेगी। इससे लाखों यात्रियों को फायदा होगा।
इस परियोजना की खास बात यह है कि इसे पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटरों द्वारा संचालित किया जाएगा। साथ ही लगभग 30 प्रतिशत बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी करने की योजना है, जिससे यह पर्यावरण-अनुकूल मॉडल बनेगा।
21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री ने 2 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो से जुड़ी करीब 21,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 8,300 करोड़ रुपये की लागत वाली पुणे मेट्रो लाइन-3 (पिंक लाइन) शामिल है, जो आधुनिक तकनीक और स्मार्ट परिवहन समाधान पर आधारित है।
इसके अलावा पुणे मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी रखी गई, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 13,500 करोड़ रुपये है। फेज-2 के तहत लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए विकसित की जाएंगी। इससे शहर के आवासीय, व्यावसायिक और आईटी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
सरकार का जोर इस बात पर है कि मेट्रो परियोजनाएं सिर्फ परिवहन का साधन नहीं, बल्कि शहरी जीवन की गुणवत्ता सुधारने और आर्थिक गतिविधियों को गति देने का माध्यम भी हैं। आधुनिक और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के निर्माण से नागरिकों का जीवन आसान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। (इनपुट-एजेंसी)


