प्रधानमंत्री मोदी आज मुंबई में मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बुधवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी शाम को करीब चार बजे मुंबई में आयोजित इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 में मैरीटाइम लीडर्स कॉन्क्लेव को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के गत दिवस जारी बयान में यह जानकारी दी गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी प्रधानमंत्री मोदी के आज के मुंबई कार्यक्रम का विवरण अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है।

‘ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम’ की भी अध्यक्षता करेंगे पीएम मोदी

पीएमओ के बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी भारत समुद्री सप्ताह (आईएमडब्ल्यू) के प्रमुख कार्यक्रम ‘ग्लोबल मैरीटाइम सीईओ फोरम’ की भी अध्यक्षता करेंगे। यह फोरम वैश्विक समुद्री कंपनियों, प्रमुख निवेशकों, नीति-निर्माताओं, नवप्रवर्तकों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को वैश्विक समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य पर विचार-विमर्श करने के लिए मंच प्रदान करता है।

यह फोरम ‘समुद्री अमृत काल विजन 2047’ के अनुरूप

बयान के अनुसार, यह फोरम सतत समुद्री विकास, लचीली आपूर्ति शृंखला, हरित नौवहन और समावेशी नीली अर्थव्यवस्था रणनीतियों पर बातचीत के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में काम करेगा। प्रधानमंत्री की यहां भागीदारी ‘समुद्री अमृत काल विजन 2047’ के अनुरूप महत्वाकांक्षी, भविष्योन्मुखी समुद्री परिवर्तन के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 

इसमें कहा गया है कि चार रणनीतिक स्तंभों-बंदरगाह आधारित विकास, नौवहन एवं जहाज निर्माण, निर्बाध आपूर्ति शृंखला और समुद्री कौशल निर्माण-पर आधारित इस दीर्घकालिक दृष्टिकोण का मकसद भारत को दुनिया की अग्रणी समुद्री शक्तियों में शुमार करना है। (इनपुट-पीआईबी)

RELATED ARTICLES

47 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

1 hour ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...