सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की ताकत का होगा प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में सेमीकॉन इंडिया 2026 के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। यह तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन और प्रदर्शनी गुरुवार से शुरू होकर 19 सितंबर (शनिवार) तक चलेगा। आयोजन का उद्देश्य सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मूल्य श्रृंखला में भारत की बढ़ती क्षमताओं को दुनिया के सामने प्रदर्शित करना है। यह कार्यक्रम इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम), इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) तथा वैश्विक उद्योग संघ एसईएमआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें वैश्विक सेमीकंडक्टर कंपनियों, नीति निर्माताओं, निवेशकों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाया जाएगा।

प्रदर्शनी में 600 से अधिक कंपनियां और अंतरराष्ट्रीय पवेलियन

सेमीकॉन इंडिया 2026 में 15,000 वर्ग मीटर के विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र में लगभग 600 प्रदर्शक भाग लेंगे, जिनमें 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय कंपनियां शामिल हैं। सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स पारिस्थितिकी तंत्र के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा के लिए 150 से अधिक वक्ताओं की भागीदारी अपेक्षित है। प्रदर्शनी में छह देशों के पवेलियन और 12 राज्य सरकारों के पवेलियन भी होंगे। इसके अलावा स्टार्टअप, नवाचार, छात्र, कार्यबल विकास और महिलाओं के लिए समर्पित विशेष मंच बनाए गए हैं। स्टार्टअप पवेलियन में करीब 40 स्टार्टअप्स अपने उत्पादों और विचारों का प्रदर्शन करेंगे, जबकि कार्यबल विकास पवेलियन माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में प्रतिभा, कौशल और करियर के अवसरों पर केंद्रित रहेगा।‘

रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ होगा मुख्य आकर्षण

प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण नया ‘रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ वैल्यू चेन एक्सपीरियंस होगा। यह आगंतुकों को सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का एकीकृत दृष्टिकोण प्रदान करेगा, जिसमें सामग्री और विनिर्माण से लेकर उन्नत पैकेजिंग, चिप डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की पूरी श्रृंखला शामिल होगी। आयोजन में स्टार्टअप पिच प्रतियोगिता, छात्र हैकाथॉन और नवाचार प्रदर्शन भी होंगे, जो उभरती कंपनियों, शोधकर्ताओं और छात्रों को अपने विचारों व तकनीक को प्रस्तुत करने का मंच देंगे।

सम्मेलन में प्रमुख विषयों पर चर्चा

सम्मेलन कार्यक्रम में सेमीकंडक्टर विनिर्माण और प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आपूर्ति श्रृंखला लचीलापन, उन्नत पैकेजिंग, सामग्री और उपकरण, चिप डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप, नवाचार तथा प्रतिभा विकास जैसे विषयों पर मुख्य भाषण, पैनल चर्चा और रणनीतिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।

सीईओ गोलमेज में पीएम मोदी का आग्रह

इससे एक दिन पहले बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रमुख सीईओ के साथ गोलमेज सम्मेलन में भारत के सेमीकंडक्टर विकास के अगले चरण में उद्योग की सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने सरकार और सेमीकंडक्टर उद्योग के बीच घनिष्ठ सहयोग के महत्व पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने प्रतिभा, प्रौद्योगिकी अपनाने और बुनियादी ढांचे के मामले में भारत की मजबूत नींव का उल्लेख करते हुए कौशल विकास, नवाचार तथा एआई और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में उद्योग की अधिक भागीदारी की अपील की। (इनपुट-एजेंसी)

RELATED ARTICLES

53 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...