पीएम मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से मुलाकात करेंगे। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 12-13 जनवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने दी जानकारी

प्रधानमंत्री कार्यालय ने शुक्रवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जनवरी को सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे।

दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे

इसके बाद सुबह लगभग 10 बजे दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे। इसके पश्चात 11:15 बजे से गांधीनगर स्थित महात्मा मंदिर में द्विपक्षीय वार्ताएं होंगी।

दोनों नेता भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे

बैठक के दौरान दोनों नेता भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिसने हाल ही में 25 वर्ष पूरे किए हैं। वार्ता में व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास और आवागमन के साथ-साथ रक्षा एवं सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान, हरित एवं सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर रहेगा।

क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज क्षेत्रीय एवं वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे तथा दोनों देशों के व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं के साथ संवाद करेंगे। (इनपुट-एजेंसी)