पीएम सूर्य घर योजना: लाखों घरों का बिजली बिल शून्य, सोलर से बदली तस्वीर

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना देश में घरेलू बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला रही है। इस योजना के तहत अब तक देशभर में 7.7 लाख से अधिक घरों का बिजली बिल शून्य हो चुका है। योजना के अंतर्गत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को बिजली बिल से बड़ी राहत मिल रही है। यह जानकारी मंगलवार को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने दी।

योजना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा घरेलू बिजली खर्च को कम करना है

फरवरी 2024 में शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा घरेलू बिजली खर्च को कम करना है। इसके साथ ही, यह योजना देश को स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

9 दिसंबर तक देशभर में कुल 19,45,758 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित

राज्यसभा में जानकारी साझा करते हुए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने बताया कि 9 दिसंबर तक देशभर में कुल 19,45,758 रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे 24,35,196 परिवारों को लाभ मिला है। इनमें से लाखों परिवार ऐसे हैं, जिनका बिजली बिल पूरी तरह समाप्त हो गया है।

केंद्र सरकार ने 75,021 करोड़ रुपए का बजट किया निर्धारित

इस योजना का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 तक देश के एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करना है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 75,021 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया है। योजना का उद्देश्य ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना, बिजली बिल में कमी लाना और देश के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में सहयोग करना है।

गुजरात इस योजना में सबसे अग्रणी 

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, गुजरात इस योजना में सबसे अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। राज्य में अब तक 4.93 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं, जिससे 7.10 लाख से ज्यादा परिवारों को लाभ मिला है। इनमें से 3.62 लाख घरों का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है।

आंध्र प्रदेश, असम और हरियाणा जैसे राज्यों में भी इस योजना के तहत उल्लेखनीय प्रगति

गुजरात के अलावा आंध्र प्रदेश, असम और हरियाणा जैसे राज्यों में भी इस योजना के तहत उल्लेखनीय प्रगति देखी जा रही है। इन राज्यों में हजारों परिवारों ने अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगवाए हैं और अब सस्ती व स्वच्छ बिजली का उपयोग कर रहे हैं।

सोलर सिस्टम स्थापित कराना आम लोगों के लिए सरल और किफायती

सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सोलर सिस्टम स्थापित कराना आम लोगों के लिए सरल और किफायती हो। इसके लिए केंद्र सरकार आर्थिक सहायता के साथ-साथ बिना गारंटी के सस्ते ऋण की सुविधा भी प्रदान कर रही है। इस ऋण पर ब्याज दर मात्र 5.75% रखी गई है, जिससे सोलर सिस्टम लगाने का शुरुआती खर्च कम हो जाता है। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

48 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...