पीएम ताकाइची की भारत यात्रा से भारत-जापान रणनीतिक साझेदारी के नए युग की शुरुआत : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को घोषणा की कि भारत और जापान ने रक्षा क्षेत्र की पहली सह-विकास (को-डेवलपमेंट) परियोजना पर समझौता किया है। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। हैदराबाद हाउस में जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जापान ने भारत की विकास यात्रा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और प्रधानमंत्री ताकाइची की यह यात्रा दोनों देशों की विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के नए अध्याय की शुरुआत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने साने ताकाइची को बताया अपनी ‘छोटी बहन’

प्रधानमंत्री मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का स्वागत करते हुए उन्हें अपनी “छोटी बहन” बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं। वह दूरदर्शी और लोकप्रिय नेता हैं तथा जापान के नारा प्रीफेक्चर से आती हैं, जो भारत और जापान की साझा बौद्ध विरासत का एक महत्वपूर्ण केंद्र है।”

आपसी विश्वास को बताया सबसे बड़ी रणनीतिक पूंजी

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में जी7 शिखर सम्मेलन में उन्होंने कहा था कि मौजूदा वैश्विक उथल-पुथल के दौर में आपसी विश्वास सबसे बड़ी रणनीतिक पूंजी है। उन्होंने कहा कि भारत-जापान संबंध इस कसौटी पर पूरी तरह खरे उतरते हैं और पिछले कई दशकों में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अनेक क्षेत्रों में जापान ने भारत की विकास यात्रा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इससे दोनों देशों के बीच मित्रता और विश्वास की मजबूत नींव तैयार हुई है।

एआई और रक्षा सहयोग में नया अध्याय

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जापान की प्रीसिजन टेक्नोलॉजी और भारत की सॉफ्टवेयर क्षमता का संगम वैश्विक एआई विकास को नई गति और नई शक्ति देगा। रक्षा क्षेत्र में भी आज भारत और जापान के बीच पहली सह-विकास परियोजना पर समझौता हुआ है।” उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के रक्षा सहयोग को नई दिशा देगा।

हिंद-प्रशांत और आर्थिक सुरक्षा पर साझा फोकस

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि स्वतंत्र, समृद्ध और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत दोनों देशों की साझा प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान एशिया की दो प्रमुख लोकतांत्रिक और बाजार आधारित अर्थव्यवस्थाएं हैं तथा दोनों देशों ने कई नई पहल शुरू की हैं, जो पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि की मजबूत नींव रखेंगी।

सेमीकंडक्टर और क्वांटम टेक्नोलॉजी में बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दोनों देशों ने आर्थिक सुरक्षा के लिए संयुक्त रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, क्वांटम टेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैटेरियल्स और सप्लाई चेन जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

बायोगैस पहल से ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा

पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया कि भारत और जापान ने संयुक्त रूप से भारत-जापान बायोगैस पहल शुरू की है। इसके तहत भारत में 1,000 बायोगैस और जैविक उर्वरक संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे केंद्र सरकार की गोबरधन पहल को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत विकास, समृद्धि तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। (इनपुट: आईएएनएस)