प्रसून जोशी को मिलेगा पहला ‘एनबीटी भूषण सम्मान’, 4 जुलाई को राजनाथ सिंह करेंगे सम्मानित

प्रख्यात लेखक, गीतकार और पटकथा लेखक प्रसून जोशी को 4 जुलाई को आयोजित होने वाले एनबीटी उत्सव 2026 में पहली बार दिए जा रहे ‘एनबीटी भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। नवभारत टाइम्स (एनबीटी) दिल्ली ने साहित्य, संस्कृति, रचनात्मकता और जनसंचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं दीर्घकालिक योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की है।

प्रसून जोशी को यह सम्मान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान करेंगे।

रचनात्मक दुनिया का बड़ा नाम

प्रसून जोशी देश के उन चुनिंदा रचनाकारों में शामिल हैं, जिनकी लेखनी ने सिनेमा से आगे बढ़कर उम्मीद, संवेदनाओं, देशभक्ति और सामाजिक बदलाव की आवाज़ को अभिव्यक्ति दी है।

उन्होंने ‘रंग दे बसंती’, ‘तारे ज़मीन पर’, ‘भाग मिल्खा भाग’ और ‘नीरजा’ जैसी चर्चित फिल्मों के लिए गीत और लेखन किया, जिसने विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनकी रचनाओं में युवाओं की आकांक्षाएं, राष्ट्रभावना और मानवीय रिश्तों की गहराई साफ दिखाई देती है।

साहित्य और विज्ञापन जगत में भी अलग पहचान

फिल्मों के अलावा प्रसून जोशी ने साहित्य और विज्ञापन जगत में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी कविताएं और गद्य अपनी भावनात्मक गहराई के लिए जाने जाते हैं, जबकि उनके विज्ञापन अभियानों को उनकी सरल भाषा, रचनात्मकता और करोड़ों लोगों से जुड़ने की क्षमता के लिए सराहा जाता है।

एनबीटी दिल्ली ने कहा कि प्रसून जोशी की रचनात्मक यात्रा देश की नई पीढ़ी को लगातार प्रेरित करती रही है। इसी सोच के साथ ‘एनबीटी भूषण सम्मान’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत भारतीय समाज, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन में असाधारण योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

हाल ही में मिली एक और बड़ी जिम्मेदारी

हाल ही में केंद्र सरकार ने भारतीय फिल्म उद्योग को मजबूत बनाने और देशभर में थिएटर इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए गठित अध्ययन समूह का अध्यक्ष भी प्रसून जोशी को नियुक्त किया है।

यह समिति फिल्म उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों और तकनीकी साझेदारों के साथ मिलकर तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

-(इनपुटःएजेंसी)