पवित्र त्योहार ईद-उल-अजहा के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। सभी नेताओं ने इस त्योहार को त्याग, आस्था, भाईचारा और शांति का प्रतीक बताया और देश में सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई देते हुए लिखा, “ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। यह त्योहार बलिदान, आस्था और अनेक उदात्त आदर्शों के महत्व को समझाता है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर समाज और देश के लिए समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक्स हैंडल से शुभकामना संदेश साझा करते हुए कहा, “ईद-उल-अज़हा की हार्दिक शुभकामनाएं। यह अवसर सद्भाव को प्रेरित करे और हमारे समाज में शांति के ताने-बाने को मजबूत करे। सभी के अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस त्योहार को निस्वार्थ त्याग, विश्वास और क्षमा का प्रतीक बताया। उन्होंने लिखा, “ईद-उल-अजहा निस्वार्थ त्याग, विश्वास और क्षमा के महान मूल्यों का जश्न मनाता है। जैसा कि हम इस खुशी के अवसर का जश्न मना रहे हैं, आइए हम सभी मजबूत भाईचारे को बढ़ावा दें और एक शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण तथा न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करें। ईद मुबारक!”
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक्स पर संदेश देते हुए लिखा, “ईद-उल-अजहा की दिली मुबारकबाद।” वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने भी देश और दुनिया भर में रहने वाले भारतीयों को बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “देश व दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय भाई-बहनों व उनके परिवार वालों को ईद-उल-अजहा त्योहार की दिली मुबारकबाद एवं सुख, शांति व समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं।”
देशभर में इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा कर रहे हैं और पारंपरिक रूप से कुर्बानी देकर त्योहार मना रहे हैं। यह पर्व हजरत इब्राहीम की अल्लाह के प्रति निष्ठा और बलिदान की भावना को याद करने के लिए मनाया जाता है।-(IANS)


