राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का झारखंड दौरा : एम्स देवघर और आईएसएम धनबाद के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज गुरुवार से झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। अगले दिन शुक्रवार को वह धनबाद में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-भारतीय खनन विद्यालय (आईआईटी-आईएसएम) के 45वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार को देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में उपस्थित रहेंगी। इसके बाद शुक्रवार को वह धनबाद पहुंचेंगी और आईआईटी-आईएसएम के समारोह में लगभग एक घंटे तक मौजूद रहेंगी। वह इस संस्थान के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 10 मई 2014 को आईआईटी-आईएसएम के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

राष्ट्रपति मुर्मू की इस यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इन दोनों कार्यक्रमों में राष्ट्रपति के साथ उपस्थित रहेंगे। धनबाद हवाई पट्टी क्षेत्र को राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए गुरुवार (31 जुलाई) सुबह 10 बजे से शुक्रवार 1 (अगस्त) शाम 6 बजे तक कुल 32 घंटे के लिए ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है। इस अवधि में ड्रोन, हॉट एयर बैलून और पैराग्लाइडर उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।

वहीं सभी वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को ड्यूटी पर रहने के निर्देश दिए गए हैं और उनके अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। वहीं रांची शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी नए नियम लागू किए गए हैं। गुरुवार को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक और शुक्रवार को सुबह 6 बजे से 10 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी, ताकि राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही सुचारू बनी रहे। -(IANS)

RELATED ARTICLES

4 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

36 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...