भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, बैठक में व्यापार, निवेश, स्वच्छ ऊर्जा, कनेक्टिविटी और नई तकनीक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर जोर दिया गया। राष्ट्रपति मुर्मु के साथ विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज भी मौजूद थे।
राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुखारेस्ट के विक्टोरिया पैलेस में रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान के साथ भारत-रोमानिया द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तृत चर्चा की।”
बिजनेस फोरम को संबोधित किया
इससे पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रोमानिया यूरोप का एक महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है और अपनी रणनीतिक स्थिति, कुशल मानव संसाधन तथा यूरोपीय संघ के साथ मजबूत संबंधों के कारण भारत के लिए एक स्वाभाविक साझेदार है।
राष्ट्रपति ने जोर दिया कि रोमानिया न सिर्फ निवेश के लिए आकर्षक है, बल्कि पूरे यूरोपीय बाजार में प्रवेश का द्वार भी है। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के शीघ्र क्रियान्वयन पर भी बल दिया।
ऐतिहासिक दौरा
राष्ट्रपति मुर्मु रोमानिया के राजकीय दौरे पर हैं। यह तीन दशकों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का रोमानिया दौरा है। उनके साथ कंज्यूमर अफेयर्स राज्य मंत्री निमुबेन बंभानिया, सांसद दिनेश शर्मा और विजय बघेल भी मौजूद हैं। यह मुलाकात भारत और रोमानिया के बीच आर्थिक तथा रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। (इनपुट-एजेंसी)


