राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मंगलवार को दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित श्री रामलीला समिति मैदान में आयोजित भव्य दशहरा (विजयादशमी) समारोह में एक साथ शामिल हुईं। इस दौरान दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश वर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने पारंपरिक रूप से तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया, जो असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।
रावण दहन से पहले राष्ट्रपति मुर्मु ने मंच पर मौजूद राम परिवार (भगवान श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी) की आरती उतारी और पूजा की।
राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए भगवान श्री राम के आदर्शों, नैतिक मूल्यों और कर्तव्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने दशहरा समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा,”सभी को दशहरा के महापर्व पर बहुत-बहुत बधाई। ये त्योहार अधर्म और अन्याय पर धर्म और न्याय की विजय का उत्सव है।” राष्ट्रपति ने कहा कि दशहरा के अवसर पर देश-विदेश के अनेक स्थानों पर आयोजित रामलीलाओं के माध्यम से करोड़ों लोग राम कथा के महान आदर्शों को याद करते हैं।”
वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “आज का दिन केवल भगवान श्री राम की रावण पर विजयी का उत्सव मात्र नहीं है, आज बहुत बड़ा दिन और शादियों से ये दिन हमें प्रेरणा देता है कि सत्य की असत्य के ऊपर जीत हमेशा होती है। धर्म की अर्धम के ऊपर जीत हमेशा होती है और न्याय की अन्याय के ऊपर हमेशा विजयी होती है। आज का दिन यही बताता है। जिसे हम सालों से बार-बार विजयादशमी पर मानते हैं।”
रेखा गुप्ता ने कहा कि हम सब प्रभु राम के महान आदर्शों पर चलते हुए स्वयं राम के आदर्श को अपनाएं। हमारे आस-पास जितनी भी बुराईयां दिखाई देती हैं उसे हमें खत्म करना होगा। देश की तरक्की के साथ जुड़ना होगा। देश द्रोही को सबक सिखाना होगा। नफरत को खत्म करके प्रेम का दीप जलाकर भारत के भविष्य को रोशन करना होगा।” (इनपुट-एएनआई)


