राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सिक्किम के तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन आज बुधवार को वे भारत-चीन सीमा पर स्थित नाथुला दर्रा का दौरा करेंगी। नाथुला से लौटने के बाद वे सिक्किम केंद्रीय विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु मंगलवार को सिक्किम पहुंचीं। दौरे के पहले दिन उन्होंने गंगटोक के स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी परिसर में ऑर्किडेरियम का दौरा किया। इसके बाद शाम को उन्होंने नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी का भी भ्रमण किया।
नाथुला दौरा क्यों खास?
आज के नाथुला दौरे को विशेष महत्व दिया जा रहा है क्योंकि जून 2026 से कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रा नाथुला दर्रे से शुरू होने जा रही है। कोविड-19 महामारी के बाद यह पहला मौका होगा जब तीर्थयात्रा इस रूट से शुरू होगी।
दौरे का आखिरी दिन
दौरे के तीसरे और अंतिम दिन 28 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गंगटोक के पाल्जोर स्टेडियम में एक समारोह में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे सिक्किम पुलिस को राष्ट्रपति का प्रतिष्ठित ‘पुलिस कॉलर’ प्रदान करेंगी।
सिक्किम यह सम्मान पाने वाला देश का 15वां राज्य बन जाएगा। राष्ट्रपति के इस दौरे को सिक्किम की सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामरिक महत्व की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। (इनपुट-एजेंसी)


