एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने पर राष्ट्रपति मुर्मु ने दी बधाई, रुद्राक्ष, पार्थ और हिमांशु की तारीफ की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर भारतीय शूटर्स रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों को हार्दिक बधाई दी है। राष्ट्रपति ने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट करते हुए तीनों खिलाड़ियों की सटीकता और शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों को हार्दिक बधाई। आपकी सटीकता और शानदार प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है। भविष्य में और भी सफलताएं पाने के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

टीम इवेंट में भारत का सिल्वर

सोमवार को आइची-नागोया में रुद्राक्ष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों की तिकड़ी ने पुरुषों के 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में 1890.1 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। चीन की टीम 1899.0 के स्कोर से गोल्ड पर रही, जबकि ब्रॉन्ज मेडल दक्षिण कोरिया (1841.4) को मिला। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का तीसरा सिल्वर मेडल है और तीनों शूटिंग से ही आए हैं।

खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी दी बधाई

इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी इस उपलब्धि पर तीनों शूटर्स की तारीफ की थी। X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “भारत के लिए एक और सिल्वर! #AsianGames2026 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर रुद्राक्ष बालासाहेब पाटिल, पार्थ राकेश माने और हिमांशु ढिल्लों को बहुत-बहुत बधाई। #Cheer4Bharat।”

व्यक्तिगत इवेंट में भी डबल मेडल, दिन भर का शानदार प्रदर्शन

शूटिंग में हिमांशु ढिल्लों ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत फाइनल में सिल्वर और रुद्राक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले रुद्राक्ष तीसरे और हिमांशु सातवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके थे, जबकि पार्थ माने 11वें स्थान पर रहे।

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल ने महिलाओं के पारंपरिक 60 किग्रा वर्ग में सिंगापुर की टेओ हुई हून से सेमीफाइनल में हार के बावजूद ब्रॉन्ज मेडल जीता। बॉक्सिंग में सुमित ने पुरुषों के 70 किग्रा राउंड ऑफ 32 में थाईलैंड के बुंजोंग सिंसिरी को हराकर आगे की जगह पक्की की। 

सॉफ्ट टेनिस में आध्या तिवारी और जय मीना ने मिक्स्ड डबल्स ग्रुप B में कंबोडिया और मंगोलिया के खिलाफ जीत दर्ज की। दक्षिण कोरिया के किम येओन-ह्वा और जैक्यू पार्क से हार का सामना करना पड़ा, फिर राउंड ऑफ 16 में फिलीपींस के क्रिस्टी सानोसा और शेरविन नुगुइट से भी हार मिली।

स्विमिंग में श्रीहरि नटराज पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में पहुंचे, जबकि ऋषभ दास को रिजर्व चुना गया। मणि आकाश और गीतेश शाह पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में जगह नहीं बना सके। धनुष सुरेश पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहे।

वुशु में न्येमन वांगसु महिलाओं के चांगक्वान फ़ाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। टेबल टेनिस में भारत ने महिलाओं की टीम ग्रुप F मैच में पाकिस्तान को 3-0 से हराया। सेपकटकरा में हालांकि झटका लगा और पुरुष टीम रेगु ग्रुप B मैच में जापान से हार का सामना करना पड़ा। एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग और MMA में तीन मेडल के साथ भारत का दिन काफी उत्साहजनक रहा। (इनपुट-एजेंसी)