लखीमपुर हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मु की संवेदना, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की है।

राष्ट्रपति कार्यालय ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने पीएम नरेंद्र मोदी के हवाले से कहा, “उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।”

पीएमओ ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जनपद लखीमपुर खीरी में हुई यह सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए स्थानीय प्रशासन को घायलों और पीड़ितों को त्वरित एवं समुचित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

आमने-सामने की टक्कर में कई लोगों की मौत

अधिकारियों के अनुसार, लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में एनएच-730 पर सिसैया के पास तेज रफ्तार ट्रक और वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। (इनपुट: आईएएनएस)