राष्ट्रपति मुर्मु ने गंगाराम अस्पताल पहुंचकर दी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने हेमंत सोरेन से मुलाकात कर परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। शिबू सोरेन का सोमवार सुबह लंबी बीमारी के बाद 81 साल की आयु में निधन हो गया था।

राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स अकाउंट से कुछ तस्वीरें भी शेयर की गईं, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए नजर आ रही हैं। साथ ही उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर संवेदना भी प्रकट की। राष्ट्रपति के एक्स हैंडल से फोटो शेयर करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल जाकर शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।”

राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा, “शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी अस्मिता और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर काम करने के अलावा, उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया।”

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की थी। इस दौरान उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि देने सर गंगाराम अस्पताल गया। इस दौरान उनके परिवार से भी मुलाकात हुई। मेरी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और शिबू सोरेन के सभी प्रशंसकों के साथ हैं।”

बता दें कि शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार शाम लगभग 4.30 बजे रांची पहुंचेगा। झारखंड सरकार द्वारा राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि उनका अंतिम संस्कार कहां और कब किया जाएगा। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

32 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

1 hour ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

भाषा और संस्कृति अलग, लेकिन विकसित भारत का संकल्प एक : विपक्ष पर पीएम मोदी का कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...