ब्रिक्स समिट में शामिल होने 12 सितंबर को भारत आएंगे राष्ट्रपति शी जिनपिंग

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग इस सप्ताह के अंत में दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। भारत की राजधानी में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

चीनी विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

चीन के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, “भारत के प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।”

सुबह पुष्टि से किया था इनकार

इससे पहले गुरुवार को बीजिंग में नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जिया-कुन ने शी जिनपिंग की भारत यात्रा की पुष्टि करने से इनकार कर दिया था। उनसे जब पूछा गया कि क्या चीनी नेता इस सप्ताह ब्रिक्स नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा करेंगे, तो उन्होंने कहा, “आपने जो सवाल उठाया है, उस पर मेरे पास देने के लिए कोई जानकारी नहीं है।”

करीब सात साल बाद भारत आएंगे जिनपिंग

शी जिनपिंग की यह करीब सात साल में पहली भारत यात्रा होगी। उनका दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब दोनों देश 2020 के गलवान संघर्ष के बाद द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं। भारत लगातार द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और प्रगति के लिए भारत-चीन सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के महत्व पर जोर देता रहा है।

पीएम मोदी से द्विपक्षीय वार्ता की उम्मीद

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की बिश्केक में हाल ही में हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान संक्षिप्त बातचीत हुई थी। अब नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है।

एलएसी पर हुई सैन्य कमांडर स्तर की बैठक

भारत और चीन के विशेष प्रतिनिधियों के बीच अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में बनी सहमति तथा डब्ल्यूएमसीसी के तहत हुई बातचीत के बाद इस महीने की शुरुआत में एलएसी पर पहली सीनियर मिलिट्री कमांडर स्तर की फ्लैग मीटिंग हुई। यह बैठक 6 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सीमा की ओर वाचा में और 7 सितंबर को चीनी सीमा की ओर दामाई में आयोजित की गई थी।

डोभाल-वांग यी के बीच सीमा मुद्दे पर चर्चा

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) और भारत-चीन सीमा प्रश्न पर भारत के विशेष प्रतिनिधि अजीत डोभाल ने 25 अगस्त को बीजिंग में भारत-चीन सीमा प्रश्न पर विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं दौर की वार्ता में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर विकास और प्रगति के लिए भारत-चीन सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।

सीमा और द्विपक्षीय संबंधों पर व्यापक चर्चा

बैठक के दौरान एनएसए डोभाल और चीन के विशेष प्रतिनिधि तथा केंद्रीय विदेश मामलों के आयोग के कार्यालय के निदेशक और चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने चीन-भारत सीमा मुद्दे और द्विपक्षीय संबंधों पर व्यापक, गहन, मैत्रीपूर्ण और स्पष्ट चर्चा की। (इनपुट: आईएएनएस)