आगामी 27 जून को मनाए जाने वाले सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को दिल्ली में ‘एमएसएमई प्राइड वॉकथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में एथलीटों ने हिस्सा लिया। भाजपा नेता संजय मयूख भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से करनाल सिंह स्टेडियम में ‘एमएसएमई प्राइड वॉकथॉन 2026’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को हासिल करने की तैयारियों के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस पहल के जरिए उम्मीद की जा रही है कि एमएसएमई सेक्टर के उद्यमी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ते रहेंगे।
भाजपा नेता संजय मयूख ने बात करते हुए कहा, “‘जो फिट है वही हिट है।’ एमएसएमई दिवस की तैयारी में, जो हमारे लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्यमियों के लिए प्राइड वॉकथॉन का आयोजन किया गया है। निश्चित रूप से जहां एक ओर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्पों को पूरा करने के लिए यह आयोजन हो रहा है, उसी तरह अपने लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्यमी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति करेंगे, इसके लिए ‘एकता’ का प्रदर्शन किया जा रहा है।” संजय मयूख ने कहा कि यहां आयोजन में आज जो धावक और उद्यमी आपको दिख रहे हैं, वे देश के लिए दौड़ रहे हैं। 21 जून को ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। आज भी यहां कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग आए हुए हैं। ये स्वस्थ जीवन के लिए मूल आधार बनने का काम करेंगे।
वहीं, संजय मयूख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें भी शेयर की। उन्होंने कहा, “आज ‘करनाल सिंह स्टेडियम’ में इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईआईए) की ओर से आयोजित ‘एमएसएमई प्राइड वॉक 2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन का मुख्य ध्येय क्वालिटी, इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप और एम्प्लॉयमेंट के क्षेत्र में एक साथ मिलकर काम करना है, ताकि हमारे उद्योग और युवा दोनों सशक्त बन सकें। इस बेहतरीन पहल के लिए सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।”(इनपुट-आईएएनएस)


