प्रधानमंत्री मोदी का पांचवें चरण में रिकार्ड मतदान का आह्वान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेता और सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज (सोमवार) सुबह चुनाव प्रचार की व्यस्तता के बीच आम चुनाव के पांचवें चरण के मतदान में हिस्सा लेने वाले लोगों से रिकार्ड मतदान का आह्वान किया है। उन्होंने खासतार पर महिलाओं और युवा मतदाताओं से अधिकतम मतदान की अपील की है।

प्रधानमंत्री मोदी इस बार के आम चुनाव में अपने 400 पार के संकल्प की सिद्धि के लिए देश में धुआंधार प्रचार कर मतदाताओं से आशीर्वाद ले रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, “लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और मतदान का एक नया रिकॉर्ड बनाएं। महिला और युवा वोटरों से मेरी यह विशेष अपील है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।”

बता दें कि आम चुनाव के पांचवें चरण में आज (20 मई) सुबह 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान शुरू हो गया। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14, महाराष्ट्र की 13, पश्चिम बंगाल की सात, ओडिशा की पांच, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, जम्मू-कश्मीर की एक, लद्दाख की एक सीट शामिल हैं। पांचवें चरण में कुल 695 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 82 महिलाएं शामिल हैं। यानी 12 फीसदी महिलाएं भी सियासी चौसर पर अपनी किस्मत आजमा रही हैं।

इस चरण का मतदान पूर्ण होते ही राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, राहुल गांधी, चिराग पासवान, राजीव प्रताप रूडी, रोहिणी आचार्य, उमर अब्दुल्ला और पीयूष गोयल जैसे दिग्गजों का भविष्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। पांचवें चरण के साथ कुल 428 सीटों पर चुनाव संपन्न हो जाएगा।

RELATED ARTICLES

26/12/24 | 3:01 pm | ECI

लोकसभा चुनाव 2024 में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने वोट डालकर बनाया विश्व रिकार्ड, ईसीआई ने जारी की रिपोर्ट

इस साल सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग करके नया विश्व...

23/11/24 | 2:49 pm | maharashtra assembly election result

महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन की सरकार बनना तय, सभी 288 सीटों के रुझान आए

महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों के रुझान आ गए हैं। महायुति गठबंधन 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त ब...