प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स यात्रा को ठोस और महत्वपूर्ण परिणामों से भरपूर बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा संपन्न कर स्वदेश के लिए रवाना हुए। इस दौरे को पीएम मोदी ने ठोस और महत्वपूर्ण परिणामों से भरपूर बताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस सफल यात्रा की झलक दिखाई। एक वीडियो क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा, “सेशेल्स की मेरी यात्रा कई ठोस और महत्वपूर्ण परिणामों से भरपूर रही है, जो भारत और सेशेल्स की मित्रता को और अधिक मजबूत बनाएगी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 50 साल की नींव को आगामी 50 साल की समृद्धि के लिए अहम माना। उन्होंने आगे लिखा, “मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि पिछले पचास वर्षों में हमारे संबंध गहरे भरोसे और साझा प्रगति की नींव पर खड़े रहे हैं। आने वाला अगला पचास वर्ष नवाचार, सतत विकास और साझा समृद्धि से परिभाषित होगा।”

पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ” मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी यह यात्रा सेशेल्स-यूरोपीय संघ (ईयू) संबंधों को भी बेहतर बनाने में मददगार रही है, जिनमें ठोस परिणाम सामने आए हैं।”

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा, “मुझे यह भी बताते हुए प्रसन्नता है कि मुझे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होने का अवसर मिला, खासकर ऐसे समय में जब देश अपनी स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे कर रहा है। मैं राष्ट्रपति हर्मिनी, सेशेल्स की सरकार, वहां की जनता और सेशेल्स के लोगों के स्नेह और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”

बता दें कि पीएम मोदी सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। सेशेल्स की आजादी और भारत-सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 साल भी पूरे हुए हैं।

वहीं, उपलब्धियों और परिणामों की बात करें तो भारत और सेशेल्स ने 19 अहम समझौतों और घोषणाओं का ऐलान किया। इसमें प्रत्यर्पण संधि, यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान शुरू करने, डिजिटल भुगतान आदि शामिल है।

सेशेल्स दौरे के आखिरी चरण में पीएम मोदी ने पीस पार्क में महात्मा गांधी की मूर्ति पर फूल चढ़ाए और उनका स्वागत करने के लिए इकट्ठा हुए भारतीय समुदाय के लोगों से भी बात की। तिरंगा लिए हुए भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी कई तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “विक्टोरिया के पीस पार्क में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। बापू के आदर्श पीढ़ियों से चले आ रहे हैं, जो लोगों को शांति, न्याय और इंसानी सम्मान की तलाश में एकजुट करते हैं। उनके विचार एक बेहतर दुनिया के लिए हमारी मिलकर की जाने वाली कोशिशों को प्रेरित करते रहते हैं।” (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | BRICS Summit

BRICS Summit : 7 साल बाद भारत आ रहे चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, दो दिवसीय समिट में लेंगे भाग

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग आज शनिवार को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में...

2 hours ago | 18th BRICS Summit

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की आज से नई दिल्ली में शुरुआत, दो दिन तक चलेगा मंथन

भारत आज शनिवार से राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा...