उपराष्ट्रपति धनखड़ से मिलने दिल्ली एम्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, जाना हालचाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जाकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का हालचाल जाना। उन्होंने उपराष्ट्रपति के जल्द स्वास्थ्य होने की कामना की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”एम्स जाकर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

प्रधानमंत्री के अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह समेत कई नेताओं ने उपराष्ट्रपति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।ओम बिरला ने एक्स पर लिखा, ”उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। मैं ईश्वर से उनके बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र सकुशल होने की कामना करता हूं।”

वहीं, शिवराज सिंह चौहान ने एक्स पर लिखा, ”उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि वह शीघ्र स्वस्थ हों और पूर्ण ऊर्जा से राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान दें।”

उपराष्ट्रपति को हृदय संबंधी समस्या के चलते दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया है। बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें 8-9 मार्च की रात एम्स लाया गया, जहां उनका तत्काल इलाज शुरू किया गया।

जानकारी के मुताबिक, एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. राजीव नारंग की देखरेख में जगदीप धनखड़ को क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें स्टेंट लगाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अब उपराष्ट्रपति की हालत स्थिर बनी हुई है। मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर बारीकी से नजर रख रही है और उनकी स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

 

RELATED ARTICLES

38 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

1 hour ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

भाषा और संस्कृति अलग, लेकिन विकसित भारत का संकल्प एक : विपक्ष पर पीएम मोदी का कटाक्ष

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...