प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया की राजधानी मेलबर्न में ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक तीसरे ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट के तहत हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल भी मौजूद रहे।

औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर

इससे पहले गवर्नमेंट हाउस में विक्टोरिया राज्य की गवर्नर मार्गरेट गार्डनर के साथ द्विपक्षीय बैठक करने के बाद पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और गवर्नर दोनों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

CEO फोरम में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने मेलबर्न में इंडिया-ऑस्ट्रेलिया CEO फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस रिसेप्शन को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में अल्बानीज़ भी शामिल हुए। पीएम मोदी ने स्वच्छ ऊर्जा पर जोर देते हुए कहा, 

“भारत में हाइड्रो प्रोजेक्ट्स, ग्रीन हाइड्रोजन, सोलर मॉड्यूल और विंड टर्बाइन के लिए एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम बन रहा है। हम 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल करने और 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य रखते हैं। ऑस्ट्रेलिया की टेक्नोलॉजी, पूंजी और संसाधन इस यात्रा को तेज कर सकते हैं।”

उन्होंने ECTA (Economic Cooperation and Trade Agreement) का जिक्र करते हुए कहा कि 2022 में हुए इस समझौते के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया का निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए अवसर मिले हैं।

तीन देशों की यात्रा का दूसरा चरण

यह मुलाकात प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की तीन देशों की यात्रा के दूसरे चरण में हुई। बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया।

दोनों नेताओं के बीच रक्षा एवं सुरक्षा, व्यापार-निवेश, शिक्षा, लोगों की आवाजाही और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है। अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूजीलैंड जाएंगे, जो उनके इस दौरे का अंतिम पड़ाव होगा। यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। (इनपुट-एजेंसी)