प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतुआ धर्म मेले के सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। यह विशेष अवसर पूर्ण ब्रह्म श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी को किया नमन

प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्ण ब्रह्म श्री श्री हरिचंद ठा जी के विचार और शिक्षाएं आज भी अनेक लोगों को शक्ति और आशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि हरिचंद ठाकुर जी ने गरिमा, समानता और भक्ति के लिए एक सशक्त आंदोलन को जन्म दिया और पीढ़ियों को सत्य, सद्भाव तथा सामूहिक उत्थान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

मतुआ संस्कृति की परंपराओं की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मतुआ संस्कृति की समृद्ध और जीवंत परंपराएं गहरी आध्यात्मिक शक्ति और समानता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। यह परंपराएं भारत के सामाजिक ताने-बाने को और मजबूत बनाती हैं।

समुदाय के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र सरकार मतुआ समुदाय के कल्याण, सशक्तिकरण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि समाज के विकास और उत्थान के लिए सरकार आगे भी इसी तरह कार्य करती रहेगी।

‘एक्स’ पर दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मतुआ धर्म मेले के सभी श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई।” उन्होंने कहा कि पूर्ण ब्रह्म श्री श्री हरिचंद ठाकुर जी की जयंती का यह अवसर लोगों को उनके विचारों और मूल्यों को याद करने और उन्हें जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है। (इनपुट: पीआईबी)