प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय पैरा-एथलीट शिल्पा कंचुगाराकोप्पलु शाइला को ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के शॉट पुट F57 इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शिल्पा के. शाइला का शानदार प्रदर्शन! महिलाओं के शॉट पुट F57 फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीतने और वह भी अपने अब तक के सबसे अच्छे थ्रो के साथ, इसके लिए शिल्पा को बधाई। यह वाकई एक जबरदस्त उपलब्धि है।”
https://x.com/narendramodi/status/2082015977051705833?s=20
शिल्पा की संघर्षपूर्ण यात्रा
कर्नाटक की मैसूर जिले के कंचिगारा कोप्पलु गांव की रहने वाली शिल्पा ने मात्र 4 साल की उम्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में अपना बायां पैर खो दिया था। इस हादसे के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने पढ़ाई जारी रखी, पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री और B.Ed. पूरी की तथा स्कूल टीचर के रूप में काम भी किया।
ग्लासगो में 7.26 मीटर के उनके अब तक के सबसे अच्छे थ्रो ने उन्हें शुरुआत में मेडल की दौड़ से बाहर रखा था, लेकिन आधिकारिक समीक्षा और नाइजीरियाई एथलीट के अयोग्य घोषित होने के बाद उन्हें ब्रॉन्ज़ मेडल मिला, जिसके वे हकदार थीं।
डबल पोडियम का गौरव
भारत के लिए इस इवेंट में डबल पोडियम का गौरव भी हासिल हुआ। हरियाणा की शर्मिला धनखड़ ने 9.81 मीटर के सीजन बेस्ट थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि घाना की जिनाबू इस्साह ने 8.65 मीटर के साथ सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। शिल्पा का ब्रॉन्ज मेडल भारत को एक ही इवेंट में पहली बार डबल पोडियम फिनिश दिलाने में मददगार साबित हुआ।
शिल्पा की यह सफलता न सिर्फ खेल की जीत है, बल्कि हौसले, लगन और कभी न हार मानने की भावना का प्रतीक भी है। पीएम मोदी की बधाई के साथ देशभर में शिल्पा और शर्मिला की उपलब्धि की सराहना हो रही है। (इनपुट-एजेंसी)


