पीएम मोदी फ्रांस और अमेरिकी दौरे के लिए रवाना, मैक्रों और ट्रंप से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फ्रांस और अमेरिका दौरे के लिए रवाना हो गए। वह पेरिस में एआई एक्शन समिट में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिका में प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। 

भारत-फ्रांस संबंध मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति मैक्रों के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठकें

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, “अगले कुछ दिनों में मैं विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस और अमेरिका में रहूंगा। फ्रांस में मैं एआई एक्शन समिट में हिस्सा लूंगा, जहां भारत सह-अध्यक्ष है। मैं भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करूंगा। हम वहां वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करने के लिए मार्सिले भी जाएंगे।”

पीएम मोदी ने कहा-  ‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए उत्सुक’

पीएम मोदी ने कहा, “वाशिंगटन डीसी में, मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने के लिए उत्सुक हूं। यह यात्रा भारत-अमेरिका की दोस्ती को मजबूत करेगी और विभिन्न क्षेत्रों में संबंधों को बढ़ावा देगी। मुझे प्रेसिडेंट ट्रंप के साथ उनके पहले कार्यकाल के दौरान काम करना अच्छी तरह याद है। मुझे यकीन है कि हमारी बातचीत उस समय की गई चर्चाओं पर आधारित होगी।”

यात्रा के पहले चरण में 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस में रहेंगे पीएम

यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी 10 फरवरी (सोमवार) से 12 फरवरी तक फ्रांस में रहेंगे। वह 10 फरवरी को पेरिस पहुंचेंगे। शाम को राष्ट्रपति मैक्रों की ओर से एलिसी पैलेस में सरकार और राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में आयोजित डिनर में शामिल होंगे।डिनर में तकनीकी क्षेत्र के कई सीईओ और शिखर सम्मेलन में आमंत्रित अन्य कई गणमान्य व्यक्तियों के भी शामिल होने की संभावना है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अगले दिन 11 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ एआई एक्शन शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे।12 फरवरी को दोनों नेता मार्सिले शहर का दौरा करेंगे और वहां भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे दोनों मार्सिले में मजारग्यूज वॉर सिमेट्री भी जाएंगे और प्रथम विश्व युद्ध में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देंगे। वॉर सिमेट्री का निर्माण कॉमनवेल्थ वॉर ग्रेव कमीशन ने किया है।

12 से 14 फरवरी तक अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी 12 से 14 फरवरी तक दो दिवसीय कार्य यात्रा पर अमेरिका जाएंगे। इस यात्रा के दौरान वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। वह व्यापारिक नेताओं और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा अमेरिका से 100 से अधिक भारतीयों को ‘अमानवीय’ तरीके से वापस भेजे जाने के मामले पर राजनीतिक विवाद के बीच हो रही है।

पिछले सप्ताह एक विशेष ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा इस ‘महत्वपूर्ण साझेदारी’ को और दिशा व गति प्रदान करेगी।विदेश सचिव ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के शपथ ग्रहण के कुछ सप्ताह बाद उनके निमंत्रण पर पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा ‘भारत-अमेरिका साझेदारी के महत्व और अमेरिका में इस साझेदारी को मिल रहे द्विदलीय समर्थन को भी दर्शाती है।’ (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

37 mins ago | Constitution Fortnight

ओम बिरला ने जनप्रतिनिधियों से किया असहमति का सम्मान करने का आह्वान, बोले- संविधान भारत की आत्मा और नैतिक मार्गदर्शक

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को हरियाणा के पंचकूला में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में जन...

2 hours ago | clean energy investment

भारत में क्लीन एनर्जी सेक्टर में 20 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश अवसर बनेंगे : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'भारत रिन्यूएबल एनर्...