प्रतिक्रिया | Sunday, October 06, 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को महाराष्ट्र के पुणे का दौरा भारी बारिश की स्थिति के कारण रद्द कर दिया गया। दरअसल बुधवार शाम से ही बारिश का सिलसिला जारी है। पीएम मोदी यहां एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाले थे। पीएम मोदी के अगले दौरे की नई तारीख की घोषणा जल्द ही होने की संभावना है।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गुरुवार शाम को पुणे के एसडब्ल्यू कॉलेज मैदान पर एक सार्वजनिक सभा संबोधित करने वाले थे, लेकिन पुणे में पिछले तीन दिन से लगातार हो रही तेज बारिश से पूरे मैदान और सभा भवन में भी पानी भर गया है। पुणे नगर निगम और जिला प्रशासन जमीन को सूखाने और निकालने का प्रयास कर रहा है।

बता दें प्रधानमंत्री सोलापुर हवाई अड्डे के उद्घाटन सहित करीब 22,600 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करने वाले थे।

पीएम मोदी का पुणे जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन से मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाने का भी कार्यक्रम था, जो जिला न्यायालय और स्वर्गेट के बीच चलती है।

महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण जलभराव होने से मुंबई और पुणे में ट्रेन, बस और उड़ान संचालन भी बाधित हुआ है।

राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। शहर प्रशासन ने IMD के पूर्वानुमान के आधार पर मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित

पुणे जिला प्रशासन ने IMD की भारी बारिश की भविष्यवाणी और पुणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करने के बाद स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।

मानसून तेज होने के साथ रेड अलर्ट जारी

मौसम के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए आईएमडी निदेशक सुनील कांबले ने बताया है कि कल दोपहर तक मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था लेकिन मानसून के तेज होने के साथ ही हमने आज सुबह 8:30 बजे तक रेड अलर्ट जारी कर दिया। 

मुंबई के इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज

आगे जोड़ते हुए उन्होंने यह भी कहा, जैसे ही हमने रेड अलर्ट जारी किया, हमने देखा कि मुंबई के इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। आज गुरुवार के लिए हमने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

अगले 5-6 दिनों में मानसून का प्रभाव कम होने की संभावना 

आज से कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और कल से ग्रीन और येलो अलर्ट जारी किया जाएगा। अगले 5-6 दिनों में मानसून का प्रभाव कम हो जाएगा और संभावना है कि 5 अक्टूबर तक मानसून वापस चला जाएगा।

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 9121198
आखरी अपडेट: 6th Oct 2024