प्रतिक्रिया | Friday, April 25, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

प्रधानमंत्री मोदी आज महाराष्ट्र में तीन चुनावी जनसभाओं को करेंगे संबोधित 

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार को राज्य में तीन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। 

छत्रपति संभाजी नगर, पनवेल और मुंबई में पीएम मोदी की तीन चुनावी जनसभाएं

पीएम मोदी आज छत्रपति संभाजी नगर, पनवेल और मुंबई में इन चुनावी जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे हैं। पीएम मोदी मुंबई के छत्रपति शिवाजी पार्क में भी एक रैली को संबोधित करने जा रहे हैं और उम्मीद है कि महायुति गठबंधन के सभी प्रमुख नेता इस रैली में मौजूद रहेंगे। 

भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सबसे पहले महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर पहुंचेंगे। वो अपराह्न सवा दो बजे यहां विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसका बाद उनका पनवेल जाने का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पनवेल में शाम साढ़े चार बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। शाम को वह मुंबई में भी चुनाव प्रचार करेंगे। यहां उनकी शाम साढ़े छह बजे जनसभा निर्धारित की गई है।

अमित शाह झारखंड में करेंगे चुनाव प्रचार  

इधर, भाजपा के दूसरे स्टार प्रचारक और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह झारखंड में विधानसभा चुनाव प्रचार का मोर्चा संभालेंगे। भाजपा ने अपने दोनों बड़े नेताओं के चुनावी दौरे का कार्यक्रम एक्स हैंडल पर साझा किया है। 

भाजपा के दूसरे बड़े नेता शाह झारखंड में सबसे पहले गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से रूबरू होंगे। यहां के सिहोडीह आम बागान में उनकी जनसभा पूर्वाह्न 11:30 बजे तय की गई है। यहां से उनका गांडेय विधानसभा क्षेत्र जाने का कार्यक्रम है। वो गिरिडीह के कुसुम्भा में दोपहर सवा एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वह सीधे डुमरी विधानसभा क्षेत्र का रुख करेंगे। यहां अपराह्न ढाई बजे बोकारो के ऊपर घाट में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की भी तीन चुनावी जनसभाएं

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी धाराशिव, सोलापुर और सांगली में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं दूसरी ओर, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज नंदुरबार और नांदेड़ में प्रचार करेंगे। 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इगतपुरी और पुणे में प्रचार करेंगे। एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार पुणे में विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार करने जा रहे हैं। 

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे छत्रपति संभाजी नगर और अहिल्यानगर में प्रचार करने वाले हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे रायगढ़ में चुनाव प्रचार करेंगे। 

आगंतुकों: 24484940
आखरी अपडेट: 25th Apr 2025