प्रतिक्रिया | Tuesday, July 01, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं पार्टी के प्रमुख नेता और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भी महाराष्ट्र में रहेंगे, मगर वह पहले झारखंड में प्रचार करेंगे। इसके बाद अमित शाह देश की आर्थिक राजधानी पहुंचेंगे। स्टार प्रचार के दौरान पीएम मोदी और अमित शाह जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा ने एक्स हैंडल पर प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आज के कार्यक्रम को साझा किया है।

पीएम मोदी महाराष्ट्र के चिमूर, सोलापुर और पुणे में जनसभा को करेंगे संबोधित 

भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के चिमूर में दोपहर एक बजे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी दूसरी जनसभा सोलापुर में होनी है। प्रधानमंत्री सोलापुर में शाम सवा चार बजे मतदाताओं से रूबरू होंगे। यहां से वो पुणे पहुंचेंगे। यहां उनकी जनसभा शाम साढ़े छह बजे होगी। केंद्रीय मंत्री शाह सबसे पहले झारखंड पहुंचेंगे। 

अमित शाह झारखंड में रैली के बाद महाराष्ट्र में जनसभा को करेंगे संबोधित

पार्टी के एक्स हैंडल के अनुसार, अमित शाह झारखंड में झरिया विधानसभा क्षेत्र के डिगवाडीह (धनबाद) में पूर्वाह्न 11:30 बजे और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के मलकेरा (कतरास) में दोपहर सवा एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वो महाराष्ट्र का रुख करेंगे। शाह शाम साढ़े पांच बजे घाटकोपर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से वो शाम साढ़े सात बजे बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। यहां कांदिवली पश्चिम के साप्ताहिक मैदान में उनकी जनसभा तय की गई है। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

आगंतुकों: 31709296
आखरी अपडेट: 1st Jul 2025