प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार, 28 नवंबर को कर्नाटक और गोवा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। दौरे की शुरुआत प्रधानमंत्री सुबह कर्नाटक के उडुपी में श्री कृष्ण मठ पहुंचकर लक्षकंठ गीतापारायण कार्यक्रम से करेंगे। इसके बाद वह दोपहर बाद गोवा के श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ के 550वें स्थापना वर्ष समारोह में भाग लेंगे।
कर्नाटक के उडुपी में श्री कृष्ण मठ में 1 लाख प्रतिभागियों के सामूहिक श्रीमद्भगवद्गीता पाठ वाले कार्यक्रम में लेंगे भाग
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, कर्नाटक के उडुपी में प्रधानमंत्री पूर्वाह्न 11.30 बजे श्री कृष्ण मठ में 1 लाख प्रतिभागियों के सामूहिक श्रीमद्भगवद्गीता पाठ वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसी दौरान प्रधानमंत्री कृष्ण मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्मित सुवर्णतीर्थमंडप का उद्घाटन करेंगे और पवित्र कनाकनाकिंडि के लिए स्वर्ण कवच समर्पित करेंगे।
लगभग 800 वर्ष पुराने श्री कृष्ण मठ की स्थापना द्वैत वेदांत दर्शन के प्रवर्तक माधवाचार्य ने की थी
माना जाता है कि इसी झरोखे से संत कनकदास ने भगवान कृष्ण के दर्शन किए थे। लगभग 800 वर्ष पुराने श्री कृष्ण मठ की स्थापना द्वैत वेदांत दर्शन के प्रवर्तक माधवाचार्य ने की थी।
गोवा में पीएम भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे
इसके बाद गोवा में प्रधानमंत्री दोपहर 3.15 बजे श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ पहुंचेंगे। ‘साढ़े पंचाशताब्दि महोत्सव’ के अवसर पर आयोजित समारोह में वे भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे और मठ द्वारा विकसित रामायण थीम पार्क गार्डन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ गौड़ सारस्वत ब्राह्मण वैष्णव समुदाय का पहला प्रमुख मठ है और द्वैत परंपरा का अनुसरण करता है। यह मठ दक्षिण गोवा के पार्तगाली क्षेत्र में कुशावती नदी के तट पर स्थित है।


