भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी. वी. सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यूए को सीधे गेमों में हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
विश्व की 10वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने महज 35 मिनट में मुकाबला 21-16, 21-14 से अपने नाम किया। इसके साथ ही हान यूए के खिलाफ उनका जीत-हार का रिकॉर्ड 8-1 हो गया।
मुकाबले की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन सिंधु ने जल्द ही लय पकड़ ली। सटीक शॉट, आक्रामक खेल और बेहतरीन कोर्ट कवरेज के दम पर उन्होंने पहला गेम 21-16 से जीत लिया।
दूसरे गेम में सिंधु पूरी तरह हावी रहीं। उन्होंने लगातार आठ अंक जीतकर 8-0 की बढ़त बना ली। हान यूए ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन सिंधु ने कोई मौका नहीं दिया और दूसरा गेम 21-14 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब क्वार्टर फाइनल में सिंधु का सामना जापान की पूर्व विश्व चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से होगा। ओकुहारा को दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी आन से-यंग के नाम वापस लेने के बाद अगले दौर में प्रवेश मिला।
इस जीत के साथ सिंधु टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र बची हुई चुनौती हैं।
इससे पहले मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी को चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग के खिलाफ 47 मिनट तक चले मुकाबले में 20-22, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं, लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और उन्नति हुड्डा पहले ही शुरुआती दौर में बाहर हो चुके हैं।
(इनपुट-आईएएनएस)


