आंध्र प्रदेश अब क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। विश्व क्वांटम दिवस (14 अप्रैल) के मौके पर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अमरावती में अत्याधुनिक क्वांटम कंप्यूटर टेस्ट बेड लॉन्च करेंगे।
यह पहल ‘अमरावती क्वांटम वैली’ परियोजना के तहत की जा रही है। इसके तहत एक टेस्ट बेड SRM यूनिवर्सिटी, अमरावती में और दूसरा गन्नवरम स्थित मेधा टावर्स में स्थापित किया गया है।
इन सुविधाओं के शुरू होने के बाद आंध्र प्रदेश देश का पहला राज्य बन जाएगा, जहां क्वांटम कंप्यूटिंग के परीक्षण और प्रमाणन (टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन) के लिए विशेष व्यवस्था होगी।
ये क्वांटम सिस्टम बेहद कम तापमान (लगभग -273 डिग्री सेल्सियस) पर काम करते हैं और क्वांटम हार्डवेयर की जांच के लिए उपयोग किए जाएंगे।
SRM यूनिवर्सिटी में बना ओपन-एक्सेस प्लेटफॉर्म छात्रों, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और कंपनियों के लिए बेहद फायदेमंद होगा, जहां वे नई तकनीकों पर प्रयोग कर सकेंगे।
इस परियोजना में पूरी तरह स्वदेशी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।
इस पहल को टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस और डीआरडीओ जैसे प्रमुख संस्थानों का तकनीकी सहयोग मिला है।
इस कार्यक्रम में देशभर के वैज्ञानिक, IIT प्रोफेसर, स्टार्टअप फाउंडर्स और विशेषज्ञ शामिल होंगे। साथ ही राज्य के 1.5 लाख से अधिक छात्र इसे ऑनलाइन देखेंगे।
यह कदम भारत में क्वांटम टेक्नोलॉजी के विकास, रिसर्च और इंडस्ट्री सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
-(इनपुटःएजेंसी)


