प्रतिक्रिया | Sunday, July 06, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

15/01/25 | 9:14 am

printer

घने कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर, रेल और हवाई यातायात प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरा उत्तर भारत घने कोहरे की चपेट में है। इसके चलते दिल्ली और आसपास के राज्यों के सीमावर्ती शहरों के लोगों को आज बुधवार सुबह कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का सामना करना पड़ा। विजिबिलिटी न के बराबर है। इस बीच सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। 

आसमान पर बादल छाए रहने की संभावना

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आसमान पर बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही कहा है कि दिल्ली एनसीआर में घना कोहरा छाया रहेगा। कोहरे और कम विजिबिलिटी का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, आज शाम हल्की बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर बादल गरजने के साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका जताई है।

सुबह के समय 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं हवाएं 

मौसम विभाग का कहना है कि सुबह के समय 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। हवा की गति धीरे-धीरे दोपहर में 6 से 8 किमी प्रति घंटे तक बढ़ जाएगी। वहीं, दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद भी कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। इससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे

जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 1-4 डिग्री सेल्सियस, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में 4-10 डिग्री सेल्सियस, पूर्व और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में तापमान 10-16 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। इसके अलावा, पिछले 24 घंटों के दौरान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

उधर, मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों के तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं

भारतीय रेलवे के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

देरी से चल रही हैं यह ट्रेनें 

बिहार क्रांति, श्रम शक्ति एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, नई दिल्ली हमसफर, महाबोधि एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, एसएलएन एएनवीटी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, लखनऊ मेल, पद्मावत एक्सप्रेस, एलकेओ नई दिल्ली एसी एक्सप्रेस, सप्त क्रांति एक्सप्रेस, हापा एसवीडीके एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, केसीवीएल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जेबीपी एनजेडएम एसएफ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस, निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस, एसएनएसआई कालका एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, बीडीटीएस एलकेयू एसएफ एक्सप्रेस, तेलंगाना एक्सप्रेस, आरकेएमपी एनजेडएम एसएफ एक्सप्रेस और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस।

आगंतुकों: 32165641
आखरी अपडेट: 6th Jul 2025