दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के आसार, बादलों के बीच उमस से राहत की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बुधवार को दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद में बारिश के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे क्षेत्र में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और कई स्थानों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।

वहीं, कुछ स्थानों पर सुबह से दोपहर के बीच मध्यम बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। शाम और रात के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक और दौर आ सकता है। बारिश के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान फिलहाल 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। लगातार बनी उमस के बीच बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भी तापमान में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना कम है। गुरुवार को भी क्षेत्र में बादल और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कई जगह हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश के बाद शाम और रात में फिर हल्की बारिश होने की संभावना है।

पिथौरागढ़ में भूस्खलन से कूलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के बीच पिथौरागढ़ जिले में धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग पर बुधवार को भूस्खलन होने से कूलागाड़ पुल क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों ने बताया कि पत्थर और चट्टान गिरने से पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि सड़क संपर्क बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है।(इनपुट-आईएएनएस/भाषा)