झारखंड में चक्रवर्ती तूफान मोंथा के कारण 28 अक्टूबर से बारिश की संभावना

दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान मोंथा के कारण झारखंड के विभिन्न जिलों में मंगलवार से चार दिनों तक बारिश होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने दी जानकारी

यह जानकारी मौसम विभाग ने सोमवार को दी है। विभाग के अनुसार विभिन्न जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को झारखंड के दक्षिणी-पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 

रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से छाए रहे बादल

इसके अलावा बुधवार को दक्षिणी और उत्तर पूर्वी, गुरुवार को पश्चिमी उत्तरी और राज्य के मध्यवर्ती जिले एवं शुक्रवार को राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान उपर्युक्त जिलों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। बादल की वजह से वातावरण में ठंड महसूस की गई। 

पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान 

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री, जमशेदपुर में 33, डालटेनगंज 31, बोकारो में 31 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। (इनपुट-एजेंसी)