Print

राजस्थान में गर्मी का कहर, बाड़मेर सबसे गर्म

राजस्थान में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है और पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में तापमान में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर 41.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि कोटा 41.5 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

सोमवार को बाड़मेर और जैसलमेर का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था, वहीं बुधवार को कोटा में भी पारा 41 डिग्री से ऊपर चला गया। चुरू और चित्तौड़गढ़ में भी तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
गर्मी बढ़ने के साथ पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्म हवाएं चलने लगी हैं, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि 17 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण कई जिलों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ा।

मंगलवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोटा में 41.5 डिग्री रहा। इसके अलावा जैसलमेर और चूरू में भी 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

हालांकि, शाम के समय मौसम में हल्का बदलाव देखा गया। झुंझुनू, सीकर और अलवर में हल्के बादल छाए और ठंडी हवा चलने से कुछ राहत मिली। नागौर के कुछ हिस्सों में भी बादल देखे गए।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों के लिए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

17 अप्रैल को श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बाड़मेर में हीटवेव की स्थिति रहने की संभावना है। वहीं 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर में अलर्ट जारी रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे तेज गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें, क्योंकि तापमान लगातार ऊंचा बना रह सकता है।

(इनपुट-आईएएनएस)