रेखा गुप्ता ने LNJP अस्पताल में CT स्कैनर और MRI मशीनों का किया उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत लोक नायक अस्पताल (LNJP) में ड्यूल-स्लाइस CT सोर्स 256 स्कैनर और तीन आधुनिक MRI मशीनों का उद्घाटन किया। ये मशीनें इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के तहत उपलब्ध कराई हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री पंकज कुमार सिंह, IOCL के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दिल्ली सरकार के अनुसार, इन आधुनिक मशीनों से सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधाएं मजबूत होंगी। इमरजेंसी केयर, कार्डियोलॉजी, कैंसर, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, हड्डियों से जुड़ी बीमारियों और बच्चों के इलाज में इनका इस्तेमाल किया जा सकेगा।

इन मशीनों से स्ट्रोक, कैंसर, लिवर और प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों के साथ मांसपेशियों और हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की समय पर और सटीक पहचान करने में मदद मिलेगी। इससे मरीजों को सही समय पर उचित इलाज उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अस्पताल में पहले शुरू की गई स्वास्थ्य सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मां और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई है, जो मिल्क बैंक के रूप में काम करती है।

अस्पताल में न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग (NAT) मशीन भी लगाई गई है। इसके जरिए HIV और हेपेटाइटिस की जांच करीब 48 घंटे में पूरी की जा सकती है। यह तकनीक रक्त की जांच को अधिक प्रभावी बनाने और रक्तदान की प्रक्रिया को सुरक्षित करने में भी मदद करती है। इसके अलावा, दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए एक विशेष वार्ड विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने नवजात शिशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए शुरू की गई ‘अनमोल योजना’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत जन्म के कुछ समय बाद नवजात के खून की एक बूंद लेकर संभावित आनुवंशिक बीमारियों की जांच की जाती है। इससे बीमारी की शुरुआती पहचान और समय पर इलाज शुरू करने में मदद मिलती है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी या किसी अन्य परेशानी के कारण किसी भी नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहना पड़े। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में आधुनिक तकनीक, बेहतर बुनियादी ढांचे और जांच सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि LNJP अस्पताल में ड्यूल-सोर्स CT स्कैनर और 3-टेस्ला MRI सिस्टम से मरीजों को बेहतर जांच सुविधाएं मिलेंगी और जांच में लगने वाला समय कम होगा। उन्होंने बताया कि घनी आबादी वाले इलाके में स्थित इस अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसे देखते हुए CT स्कैन और MRI की सुविधाएं मरीजों को पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों को देखते हुए नवजात शिशुओं की स्क्रीनिंग के लिए मिशन अनमोल की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अपने 12 साल के कार्यकाल में ऐसी सुविधाएं शुरू करने पर ध्यान नहीं दिया।

दिल्ली सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी के सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के पास जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय उनके पहनावे, व्यवहार और सार्वजनिक गतिविधियों पर टिप्पणी करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने विपक्ष से दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों पर चर्चा करने की अपील की।

रेखा गुप्ता ने पंजाब में कथित तौर पर बढ़ते अपराध, नशे की तस्करी और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं का भी जिक्र किया। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक प्रोफेसर पर छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और शोषण के आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष को ऐसे गंभीर मुद्दों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस माध्यम से भगवान राम का नाम लिया जा रहा है, तो इसे सकारात्मक रूप में भी देखा जा सकता है।

(इनपुट-एएनआई)