पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के एक दिन बाद कोलकाता का भवानीपुर इलाका उम्मीद और राहत की बहार से सराबोर दिख रहा है। पारंपरिक मूर्ति बनाने वाले कारीगरों समेत स्थानीय लोगों ने भाजपा की जीत को राज्य के लिए ‘नई सुबह’ बताया और आने वाली सरकार से बेहतर दिनों की उम्मीद जताई।
अब जाकर मूर्तिकार समुदाय ने अपने दर्द को किया बयां
मूर्तिकार समुदाय के सदस्यों ने बताया कि पिछले सालों में उनकी रोजी-रोटी बुरी तरह प्रभावित हुई थी। मिट्टी जैसी कच्ची सामग्री की सप्लाई रोक दी जाती थी, काम के मौके राजनीतिक वफादारी पर निर्भर थे और संस्थागत सहायता नाममात्र की भी नहीं मिलती थी।
एक स्थानीय मूर्तिकार ने बताया, “हम तीन पीढ़ियों से मां दुर्गा, मां काली और गणेश जी की मूर्तियां बना रहे हैं, लेकिन जगह नहीं है, गोदाम नहीं हैं और कर्ज मिलना भी बहुत मुश्किल है। हमें मूर्तियां फुटपाथ पर रखनी पड़ती हैं। अब हमें उम्मीद है कि नई सरकार बिना किसी शर्त के हमारी मदद करेगी।”
एक अन्य निवासी ने कहा, “हमने बहुत सारी समस्याओं का सामना किया है। अब बंगाल के लिए एक नई सुबह है। लोगों ने इतना बड़ा जनादेश देकर भाजपा पर भरोसा जताया है। पिछली गुंडागर्दी और गलत काम अब खत्म हो गए हैं।”
महिलाओं में सुरक्षा को लेकर उम्मीद
इलाके की महिलाओं ने भी भाजपा सरकार से बेहतर सुरक्षा और सशक्तिकरण की उम्मीद व्यक्त की।
एक महिला ने कहा, “भाजपा सरकार महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी। जो दबाव और भय था, वो अब हट जाएगा। यह हमारे लिए सुनहरा दिन है।”
स्थानीय लोगों ने सरकारों में समय-समय पर बदलाव की जरूरत पर भी जोर दिया। एक निवासी ने कहा, “सरकारें हर 5-10 साल में बदलनी चाहिए, इससे विकास तेज होता है। पीएम मोदी अच्छा काम कर रहे हैं, अब बंगाल में भी विकास की नई लहर आएगी।”
हालांकि, मूर्तिकार समुदाय अभी भी व्यावहारिक समस्याओं से जूझ रहा है। एक कारीगर ने कहा, “हमें स्टोरेज, लोन और लगातार काम की जरूरत है। बस यही उम्मीद है कि नई सरकार इन समस्याओं का समाधान करेगी।”
भवानीपुर के लोगों का मिजाज साफ है— भाजपा की जीत और खासकर स्थानीय सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री के हारने से वे बेहद खुश हैं। अब सबकी नजरें नई सरकार के वादों पर टिकी हैं, खासकर उन छोटे कारीगरों और आम नागरिकों पर जो सालों से उपेक्षा का शिकार रहे हैं। यह चुनाव नतीजा उनके लिए सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक नई उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। (इनपुट-एजेंसी)


