सितंबर में खुदरा महंगाई 5.54% रही, आलू-टमाटर हुए सस्ते

भारत में खुदरा महंगाई सितंबर 2026 में सालाना आधार पर बढ़कर 5.54% (प्रोविजनल) हो गई, जबकि अगस्त में यह 4.83% (फाइनल) रही थी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, महंगाई में बढ़ोतरी के बीच आलू और टमाटर समेत कुछ प्रमुख खाद्य वस्तुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि प्याज, अदरक और लहसुन के दाम में तेज बढ़ोतरी हुई।

ग्रामीण इलाकों में महंगाई 6.08%

सितंबर में ग्रामीण भारत में खुदरा महंगाई 6.08% रही, जबकि शहरी इलाकों में यह 4.88% दर्ज की गई। इससे स्पष्ट है कि ग्रामीण उपभोक्ताओं पर कीमतों का दबाव शहरी क्षेत्रों की तुलना में अधिक रहा।

खाद्य महंगाई दर 7.74%

सितंबर में खाद्य महंगाई सालाना आधार पर 7.74% रही। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 8.06% और शहरी क्षेत्रों में 7.18% दर्ज की गई। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव का खुदरा महंगाई पर भी असर पड़ा।

आलू और टमाटर के दाम घटे

सितंबर में कीमतों में सबसे ज्यादा गिरावट वाले प्रमुख उत्पादों में आलू और टमाटर शामिल रहे। आलू की कीमत में 11.50% और टमाटर में 8.62% की कमी दर्ज की गई। इसके अलावा मोटर कार एंड जीव की कीमत 4.51%, भिंडी की 4.48% और नारियल की 3.99% घटी।

प्याज की कीमत में उछाल

दूसरी ओर, सितंबर में कुछ वस्तुओं की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई। प्याज के दाम में 108.09% का उछाल दर्ज किया गया। चांदी की ज्वेलरी की कीमत 87.80%, अदरक 62.85%, लहसुन 54.62% और नींबू की कीमत 36.41% बढ़ी।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा महंगाई

सितंबर में तमिलनाडु 6.81% खुदरा महंगाई के साथ राज्यों में सबसे ऊपर रहा। इसके बाद ओडिशा 6.70%, मध्य प्रदेश 6.68%, तेलंगाना 6.64% और आंध्र प्रदेश 6.29% के साथ शीर्ष पांच राज्यों में रहे।

1,407 शहरी बाजारों और 1,465 गांवों से जुटाए आंकड़े

सरकार के मुताबिक, सितंबर के महंगाई आंकड़े देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1,407 शहरी बाजारों, जिनमें ऑनलाइन बाजार भी शामिल हैं, और 1,465 गांवों से जुटाए गए। ग्रामीण और शहरी दोनों बाजारों में रिस्पॉन्स रेट 100% रहा, जिससे कीमतों में बदलाव का व्यापक आंकड़ा उपलब्ध हो सका।

12 नवंबर को जारी होंगे अक्टूबर के आंकड़े

सरकार ने बताया कि अक्टूबर 2026 के खुदरा महंगाई के आंकड़े 12 नवंबर 2026 को जारी किए जाएंगे। अगर उस दिन अवकाश होता है, तो आंकड़े अगले कामकाजी दिन जारी किए जाएंगे। वहीं, सितंबर के थोक महंगाई के आंकड़े मंगलवार को जारी किए जाएंगे। (इनपुट: आईएएनएस)