Print

लोकतंत्र में विरोध का अधिकार, जनादेश को बदनाम करने का लाइसेंस नहीं: अनुराग ठाकुर

भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन जनादेश को बदनाम करने का लाइसेंस किसी के पास नहीं है। भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी तथ्यों और तर्कों के बजाय बार-बार चुनावी हार का ठीकरा ईवीएम, चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ते हैं।

राहुल गांधी पर तथ्यों और नियमों की अनदेखी का आरोप

अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी कहने को तो नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन उन्हें न तथ्यों की जानकारी है, न तर्क की और न नियमों की। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति का उद्देश्य अराजकता और अस्थिरता पैदा करना, संवैधानिक संस्थाओं को नीचा दिखाना और दुनियाभर में देश की छवि को नुकसान पहुंचाना रह गया है।

‘वोट चोरी’ के आरोपों पर साधा निशाना

ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी जिस ‘वोट चोरी’ की बात कर रहे हैं, वह खुद जनादेश से ‘सीना जोरी’ कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले आरोप लगाते हैं और बाद में अदालत में माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी हार के बाद कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयोग और कभी मुख्य चुनाव आयुक्त को जिम्मेदार ठहराया जाता है।

राष्ट्रपति और मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का किया जिक्र

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रपति मुर्मु के पास अपनी शिकायत लेकर गए थे, लेकिन जब उनसे प्रमाण मांगे गए तो वह कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश के पास जाने का जिक्र करते हुए ठाकुर ने कहा कि उन्हें भी स्पष्ट कर दिया गया कि सर्वोच्च अदालत को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जा सकता।

‘कांग्रेस खुद को संवैधानिक संस्थाओं से ऊपर मानती है’

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक ही फंडा है कि सत्ता नहीं मिले तो अराजकता फैलाई जाए। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को अदालत के सामने अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन कांग्रेस खुद को सभी संवैधानिक संस्थाओं से ऊपर मानती है।

इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर हमला

ठाकुर ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जिस पार्टी ने संविधान को कुचलने, युवाओं की नसबंदी कराने, लाखों लोगों को जेल में डालने और देश में इमरजेंसी लगाने का काम किया, वही आज चुनाव में धांधली के आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अतीत को भी देखना चाहिए।

बैलेट पेपर की मांग पर उठाए सवाल

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास बैलेट पेपर लूटने और पोलिंग बूथ कैप्चर करने का इतिहास रहा है। यही कारण है कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में प्रमाण कहां हैं।

आरोपों के साथ प्रमाण देना भी विपक्ष की जिम्मेदारी

भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति सभी का अधिकार है, लेकिन असहमति के आधार पर आरोप लगाए जाते हैं तो उनके प्रमाण देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष को आरोप लगाने का अधिकार है तो उन आरोपों को साबित करने की जिम्मेदारी भी विपक्ष की ही है।

‘जवाबदेही केवल सरकार की नहीं, नेता प्रतिपक्ष की भी’

अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही केवल सरकार की नहीं, बल्कि नेता प्रतिपक्ष की भी होती है। उन्होंने कहा, “जनादेश पसंद आए तो लोकतंत्र, चुनाव हार जाएं तो वोट चोरी।” ठाकुर ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार है, लेकिन जनादेश को बदनाम करने का लाइसेंस नहीं है। (इनपुट: आईएएनएस)