कच्चे तेल में उछाल से बाजार पर दबाव, शुरुआती कारोबार में गिरावट

पिछले दिन की जबरदस्त तेजी के बाद कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में खुला। बाजार में यह गिरावट ईरान द्वारा अमेरिका पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाने के बाद आई है, जिससे कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी आने से निफ्टी50 और सेंसेक्स में गिरावट देखने को मिली।

इस दौरान, बीएसई सेंसेक्स पिछले दिन के बंद 77,562.90 से 243.57 अंक गिरकर 77,319.33 पर खुला, तो वहीं निफ्टी अपने पिछले बंद 23,997.35 से 88.3 अंक गिरकर 23,909.05 पर खुला।

हालांकि खबर लिखे जाने तक (सुबह 9.40 बजे के करीब) सेंसेक्स 444.41 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,118.49 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि निफ्टी50 101.45 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 23,895.90 पर था।

व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.13 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में मामूली 0.02 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी मेटल और निफ्टी फार्मा ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा (1.17 प्रतिशत) की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, निफ्टी ऑटो, निफ्टी फाइनेंशियल, निफ्टी बैंक, निफ्टी रियल्टी में भी गिरावट देखने को मिली।

निफ्टी 50 इंडेक्स में इंफोसिस, एलएंडटी, इटरनल, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एचसीएलटेक, इंडिगो और श्रीराम फाइनेंस के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाले शेयरों में शामिल रहे, जबकि इसके विपरीत हिंडाल्को, मैक्सहेल्थ, एनटीपीसी, बजाज-ऑटो, बीईएल और पावरग्रिड के शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली।

इस बीच, ब्रेंट क्रूड वायदा में सुबह के समय 3.31 प्रतिशत की तेजी आई और यह 97.89 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड पिछले बंद भाव से 4.2 प्रतिशत बढ़कर 98.38 डॉलर पर कारोबार कर रहा था।

बुधवार को इजरायल ने लेबनान पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और ईरान ने जवाबी कार्रवाई की नई धमकी दी, जिससे स्थायी तनाव कम होने की उम्मीदों पर पानी फिर गया और वैश्विक बाजारों में घबराहट बनी रही।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

1 hour ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

2 hours ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...