प्रतिक्रिया | Saturday, September 07, 2024

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक ने आम चुनाव में अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर को जीत के लिए बधाई दी है। इसी के साथ प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपने पहले बयान में इस्तीफा देने की भी घोषणा की है।

14 साल बाद सत्ता में वापसी करने जा रही लेबर पार्टी

बताना चाहेंगे कि ब्रिटेन में लेबर पार्टी 14 साल बाद सत्ता में वापसी करने जा रही है। लेबर पार्टी सरकार बनाने के लिए जरूरी 326 सीटों का आंकड़ा पार कर चुकी है। चुनाव परिणाम के अब तक के रुझानों में कीर स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी 1997 वाली बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है। लेबर पार्टी अभी तक 352 सीटें जीत चुकी है। 

ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री लेबर पार्टी के स्टार्मर का बनना तय 

मौजूदा प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी 74 सीटें ही अभी तक जीत सकी है। ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री लेबर पार्टी के स्टार्मर का बनना तय है। स्टार्मर साल 2020 में जर्मी कोर्बिन की जगह लेबर पार्टी के नए नेता चुने गए थे। स्टार्मर, एक पूर्व बैरिस्टर हैं जिन्होंने 2015 में संसद में प्रवेश किया और 2020 में लेबर पार्टी का नेतृत्व संभाला। 

एग्जिट पोल में ब्रिटेन की कुल 650 सीटों में से 410 सीट लेबर पार्टी को और कंजर्वेटिव पार्टी को 131 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। ब्रिटेन के रक्षामंत्री ग्रांट शैप्स अपनी सीट हार गए हैं। ग्रांट अब तक हारने वाले सबसे वरिष्ठ कंजर्वेटिव कैबिनेट सदस्य बन गए हैं। शैप्स को लेबर के एंड्रयू लेविन ने दक्षिणी इंग्लैंड के वेल्विन हैटफील्ड निर्वाचन क्षेत्र से हराया। (इनपुट-हिंदुस्थान समाचार)

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 7711931
आखरी अपडेट: 7th Sep 2024