प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो की ब्रातिस्लावा में हुई मुलाकात के दौरान एक दिलचस्प और आत्मीय क्षण देखने को मिला। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देखा कि रॉबर्ट फित्सो वही जैकेट पहनकर आए हैं, जो उन्होंने उन्हें उपहार में दी थी। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी व्यक्त की और दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरा माहौल देखने को मिला।
एक जैसी जैकेट के रंग ने बनाया खास संयोग
मुलाकात के दौरान एक और रोचक संयोग यह रहा कि दोनों नेताओं की जैकेट का रंग लगभग एक जैसा था। इस संयोग पर दोनों नेताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया।
इंस्टाग्राम पर साझा किया वीडियो
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर साझा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने वही जैकेट पहनी जो मैंने उन्हें तोहफे में दी थी। और संयोग से आज हमारी जैकेट का रंग भी एक जैसा था।”
फित्सो ने मोदी की उपलब्धि को बताया ‘राजनीतिक चमत्कार’
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि को ‘राजनीतिक चमत्कार’ बताया।
भारत का सच्चा मित्र बताया
पीएम मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए रॉबर्ट फित्सो का आभार व्यक्त किया और उन्हें भारत का सच्चा मित्र तथा अनुभवी नेता बताया। उन्होंने कहा कि फित्सो ने भारत-स्लोवाकिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह मुलाकात दोनों देशों के रिश्तों में एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुई है।
व्यापक साझेदारी को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच बढ़ता विश्वास, साझा प्राथमिकताएं और भविष्य के लिए समान दृष्टिकोण दोनों देशों की नई साझेदारी की मजबूत नींव हैं। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में स्लोवाकिया के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद भी दिया।
ऑटोमोबाइल, रेलवे और ग्रीन टेक्नोलॉजी पर चर्चा
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि उनकी और रॉबर्ट फित्सो की बैठक बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप’ यानी व्यापक साझेदारी का दर्जा दिया है। वार्ता के दौरान ऑटोमोबाइल, रेलवे, उन्नत विनिर्माण और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से बढ़ेंगे अवसर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को नई गति देगा। इससे उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यापारिक समुदाय के लिए नए अवसर पैदा होंगे तथा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। (इनपुट: आईएएनएस)


