प्रतिक्रिया | Saturday, July 12, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

RRB वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50 हजार से अधिक युवाओं को देगा नियुक्तियां

रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने नवंबर 2024 से 55197 रिक्तियों वाली सात विभिन्न अधिसूचनाओं के लिए 1.86 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) आयोजित किए हैं। इससे आरआरबी वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50 हजार से अधिक उम्मीदवारों को नियुक्तियां प्रदान करेगी। इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में आरआरबी द्वारा 9000 से अधिक नियुक्तियां पहले ही जारी की जा चुकी हैं। यह जानकारी रेल मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर दी है।

आरआरबी परीक्षाओं के लिए सीबीटी आयोजित करना एक बहुत बड़ी प्रक्रिया है, जिसके लिए बहुत अधिक योजना और समन्वय की आवश्यकता होती है। RRB ने हाल ही में उम्मीदवारों के निवास स्थान के नजदीक परीक्षा केंद्र आवंटित करने की पहल की है, जिसमें महिला और दिव्यांग उम्मीदवारों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

वहीं, इसके लिए अधिक परीक्षा केन्द्रों को सूचीबद्ध करने तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने के लिए अधिक मानव संसाधन जुटाने की आवश्यकता है।

रेल मंत्रालय ने कहा कि RRB द्वारा प्रकाशित वार्षिक कैलेंडर के अनुसार 2024 से 108324 रिक्तियों के लिए बारह अधिसूचनाएं पहले ही जारी की जा चुकी हैं, अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50,000 से अधिक नियुक्तियां प्रस्तावित होंगी।

वहीं दूसरी ओर परीक्षा की निष्पक्षता बढ़ाने के लिए, पहली बार इतने बड़े पैमाने पर होने वाली परीक्षाओं में उम्मीदवारों की पहचान प्रमाणित करने के लिए ई-केवाईसी आधारित आधार प्रमाणीकरण का उपयोग किया गया है, जिससे 95% से अधिक सफलता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से नकल की संभावना को समाप्त करने के लिए अब आरआरबी के सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जा रहे हैं।

आगंतुकों: 32711385
आखरी अपडेट: 11th Jul 2025