पीएम-एसईटीयू के तहत पांच आईटीआई क्लस्टरों के उन्नयन के लिए 1,194.92 करोड़ रुपए मंजूर

राष्ट्रीय संचालन समिति ने महाराष्ट्र, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में पांच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) क्लस्टरों के उन्नयन के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास एवं रोजगार क्षमता रूपांतरण उन्नत आईटीआई योजना (पीएम-एसईटीयू) के तहत 1,194.92 करोड़ रुपए की पांच रणनीतिक निवेश योजनाओं (एसआईपी) को मंजूरी दी है। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक स्वीकृत कुल निवेश बढ़कर 3,687 करोड़ रुपए हो गया है। इन परियोजनाओं में टाटा स्टील फाउंडेशन, बीवीजी इंडिया, बेलराइज इंडस्ट्रीज, ईगल इंफ्रा इंडिया और इंदरदीप इंफ्रा इंडिया उद्योग भागीदार के रूप में शामिल होंगे।

राष्ट्रीय संचालन समिति की छठी बैठक में मिली मंजूरी

पीएम-एसईटीयू की छठी राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) की बैठक शुक्रवार को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) की सचिव देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई और पांच आईटीआई क्लस्टरों के उन्नयन के लिए निवेश योजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव निरंजन कुमार सुधांशु और संयुक्त सचिव मानसी सहाय ठाकुर सहित प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों, उद्योग भागीदारों, बहुपक्षीय विकास बैंकों तथा योजना के कार्यान्वयन से जुड़े अन्य हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आईटीआई को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर

देबाश्री मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय संचालन समिति की स्वीकृतियां पीएम-एसईटीयू के कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनसे आईटीआई को मजबूत बनाने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने और उद्योग की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने क्लस्टरों को आईएसओ प्रमाणन की दिशा में काम करने और स्वीकृत कार्यान्वयन योजनाओं में कम से कम एक वर्ल्डस्किल्स-संरेखित ट्रेड या दक्षता क्षेत्र शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाना और युवाओं को ऐसे कौशल उपलब्ध कराना है, जिनसे उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर पैदा हों। मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में हुई प्रगति को उत्साहजनक बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र में कौशल विकास को मजबूत करने और युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पांच क्लस्टरों में होगा 1,194.92 करोड़ रुपए का निवेश

स्वीकृत रणनीतिक निवेश योजनाओं को राज्य सरकारों, उद्योग भागीदारों और संबंधित आईटीआई के बीच साझेदारी के माध्यम से लागू किया जाएगा। परियोजनाओं के तहत बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण, उद्योग-अनुकूल पाठ्यक्रमों की शुरुआत, प्रशिक्षकों की क्षमता में वृद्धि और उद्योगों के साथ सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता में सुधार करना है।

कटक आईटीआई क्लस्टर के लिए 240.50 करोड़ रुपए मंजूर

ओडिशा के कटक आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ साझेदारी में 240.50 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें सरकारी आईटीआई कटक हब के रूप में तथा मधुसूदन सरकारी आईटीआई चौद्वार, सरकारी आईटीआई पारादीप, सरकारी आईटीआई जाजपुर और सरकारी आईटीआई ढेंकनाल स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल होंगे। परियोजना के तहत बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने और क्षेत्र की उभरती औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने पर ध्यान दिया जाएगा।

पुणे क्लस्टर के उन्नयन पर खर्च होंगे 241 करोड़ रुपए

महाराष्ट्र के पुणे आईटीआई क्लस्टर के लिए 241 करोड़ रुपए की रणनीतिक निवेश योजना को मंजूरी मिली है। इसे बीवीजी इंडिया लिमिटेड, बीवीजी फाउंडेशन के सहयोग से लागू करेगा। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई औंध, पुणे हब के रूप में शामिल होगा। इसके साथ सरकारी आईटीआई औंध (महिला), सरकारी आईटीआई पिंपरी चिंचवाड़, सरकारी आईटीआई खेड़ (राजगुरुनगर) और सरकारी आईटीआई मुलशी स्पोक संस्थानों के रूप में काम करेंगे।

छत्रपति संभाजीनगर क्लस्टर को मिलेंगे 238.01 करोड़ रुपए

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन के लिए बेलराइज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ साझेदारी में 238.01 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई छत्रपति संभाजीनगर हब होगा, जबकि सरकारी आईटीआई पैठन, सरकारी आईटीआई खुलताबाद, सरकारी आईटीआई फुलंबरी और सरकारी आईटीआई गंगापुर स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल होंगे।

जम्मू आईटीआई क्लस्टर के लिए 240 करोड़ रुपए का निवेश

जम्मू-कश्मीर के जम्मू आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन के लिए ईगल इंफ्रा इंडिया लिमिटेड के साथ साझेदारी में 240 करोड़ रुपए की निवेश योजना को मंजूरी दी गई है। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई जम्मू हब के रूप में तथा सरकारी आईटीआई आरएस पुरा, सरकारी आईटीआई नौशेरा, सरकारी आईटीआई सांबा और सरकारी आईटीआई कठुआ स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल होंगे।

श्रीनगर क्लस्टर के लिए 235.41 करोड़ रुपए स्वीकृत

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन के लिए इंदरदीप इंफ्रा इंडिया लिमिटेड के साथ साझेदारी में 235.41 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई श्रीनगर हब होगा, जबकि सरकारी आईटीआई गांदरबल, सरकारी आईटीआई कंगन, सरकारी आईटीआई बुडगाम और सरकारी आईटीआई चरार-ए-शरीफ स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल होंगे।

प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की भी समीक्षा

राष्ट्रीय संचालन समिति ने पीएम-एसईटीयू के घटक II के तहत प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (टीओटी) कार्यक्रम की प्रगति की भी समीक्षा की। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक तकनीकी और शैक्षणिक दक्षताओं से लैस उद्योग-तैयार प्रशिक्षकों का मजबूत समूह तैयार करना है। अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) के माध्यम से इस कार्यक्रम के तहत 3,744 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। योजना के तहत आईटीआई के आधुनिकीकरण और प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने के प्रयासों से व्यावसायिक शिक्षा को उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया जा रहा है। (इनपुट: पीआईबी)