रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने UNSC में स्थायी सीट के लिए भारत की उम्मीदवारी का समर्थन किया

रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (United Nations Security Council, UNSC) में स्थायी सीट के लिए भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करते हुए कहा है कि संयुक्त राष्ट्र के इस निकाय में किसी भी सुधार के तहत पश्चिमी देशों, खासकर जर्मनी और जापान को अतिरिक्त सीटें नहीं दी जानी चाहिए।

रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly,UNGA) को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारा सैद्धांतिक रुख यह है कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के तहत पश्चिमी देशों, खासकर जर्मनी और जापान को कोई अतिरिक्त सीट नहीं दी जानी चाहिए, जो इस समय सैन्यवाद और पुनरुत्थानवाद की राह पर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम एशिया, अफ्रीका और लातिन अमेरिका का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के पक्ष में हैं। हम स्थायी सीट के लिए ब्राजील और भारत की उम्मीदवारी का समर्थन करते हैं और साथ ही मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि हमें अफ्रीकी महाद्वीप के हितों को पूरा करना चाहिए।’’ लावरोव ने कहा कि रूस अपनी विदेश नीति के माध्यम से ‘‘दुनिया की स्थिति को सुधारने की कोशिश कर रहा है और इसके लिए वह अपने सहयोगियों तथा रणनीतिक साझेदारों – ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) और यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन के साथ मिलकर काम कर रहा है।’’

विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, ‘‘हम ऐसे एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं, जिस पर हम सभी सहमत हो सकते हैं – एकजुट करने वाला एजेंडा, ठोस विचार और परियोजनाएं। आज अंतरराष्ट्रीय सूचना सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से सामने आ रहा है। स्पष्ट रूप से, इन चर्चाओं में संयुक्त राष्ट्र की केंद्रीय भूमिका होनी चाहिए, न कि किसी अन्य सीमित मंच की।’’ (भाषा)

RELATED ARTICLES

5 mins ago | Artificial intelligence

युवाओं को शिक्षा, कौशल और रोजगार देने पर UNGA में जोर, AI को लेकर चिंता

संयुक्त राष्ट्र महासभा में विश्व नेताओं ने कहा कि बढ़ती युवा आबादी तभी वैश्विक समृद्धि का आधार...

39 mins ago

Weather update: बादलों और ठंडी हवाओं से एनसीआर में अगले तीन दिन सुहावने मौसम का अनुमान

दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने मौसम ...