रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। पुतिन ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों की रचनात्मक द्विपक्षीय साझेदारी अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ाने में मददगार साबित होगी।

क्रेमलिन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध ‘‘विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’’ की भावना के साथ सफलतापूर्वक मजबूत हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वह सितंबर में ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का समूह) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत की यात्रा करने वाले हैं।

पुतिन ने अपने संदेश में कहा, ‘‘आपका देश आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर उचित रूप से काफी प्रतिष्ठा रखता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रूस-भारत संबंध विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के तहत सफलतापूर्वक विकसित हो रहे हैं।’’

रूसी राष्ट्रपति ने रेखांकित किया कि मॉस्को और नयी दिल्ली विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक सहयोग कर रहे हैं तथा संयुक्त राष्ट्र, शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ), ब्रिक्स और अन्य बहुपक्षीय मंचों के ढांचे के भीतर आपस में गहरा समन्वय बनाकर काम कर रहे हैं।

पुतिन ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि हमारे संयुक्त प्रयासों के माध्यम से, हम अपने मित्रवत लोगों के लाभ के लिए और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा तथा स्थिरता को मजबूत करने के हित में रचनात्मक रूस-भारत साझेदारी को व्यापक रूप से मजबूत करना जारी रखेंगे।’’ (इनपुट-पीटीआई)

 

 

RELATED ARTICLES

06/11/26 | 4:19 pm | India US military exercise

भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न, विशाखापत्तनम में हुआ समापन समारोह

भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास 'टाइगर ...

06/11/26 | 8:45 am | Democrats

ट्रंप ने ईरान पर और सैन्य कार्रवाई के दिए संकेत, डेमोक्रेट्स युद्ध खत्म करने की कर रहे तैयारी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ और सैन्य कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं। हाल...