सेल और एमडीआई गुड़गांव ने लीडरशिप विकास कार्यक्रमों के लिए किया समझौता

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एमटीआई) और मैनेजमेंट डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एमडीआई) ने एग्जीक्यूटिव एजुकेशन प्रोग्राम के लिए 20 मई 2026 को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली स्थित सेल के कॉर्पोरेट कार्यालय में हुए इस समझौते का उद्देश्य कंपनी में भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना और संगठनात्मक क्षमता को मजबूत करना है।

लीडरशिप और इनोवेशन पर रहेगा फोकस

इस साझेदारी के तहत अकादमिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव को जोड़ते हुए कई विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें कस्टमाइज्ड लीडरशिप प्रोग्राम, रणनीति और नवाचार आधारित लर्निंग इंटरवेंशन तथा ‘एक्शन लर्निंग’ मॉडल शामिल होंगे, ताकि व्यावसायिक स्तर पर मापने योग्य परिणाम हासिल किए जा सकें। इसके अलावा ओवरसीज लर्निंग प्रोग्राम, संयुक्त रिसर्च एवं कंसल्टिंग परियोजनाएं और अधिकारियों की जरूरतों के अनुरूप केस स्टडी विकसित करने पर भी काम किया जाएगा।

वैश्विक स्तर की कार्यप्रणालियों से तालमेल

सेल और एमडीआई का यह सहयोग संगठन को वैश्विक स्तर की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता, रणनीतिक सोच और नवाचार कौशल को बढ़ाना है।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समझौता

एमओयू पर सेल के एमटीआई के कार्यपालक निदेशक (एचआर-एलएंडडी) संजय धर और एमडीआई गुड़गांव की डीन-इंडस्ट्री कनेक्ट प्रोफेसर सुमिता राय ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सेल के निदेशक (कार्मिक) के. के. सिंह सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। (इनपुट: पीआईबी)