सत्य नडेला का एआई भविष्य पर बड़ा दांव, भारत में 1.5 लाख करोड़ रुपए निवेश करेगी माइक्रोसॉफ्ट

माइक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बुनियादी ढांचे, कौशल विकास और संप्रभु क्षमताओं के निर्माण में सहयोग के लिए 17.5 अरब डॉलर (लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपए) का बड़ा निवेश करने जा रही है।

भारत की एआई महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में सहयोग देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट 17.5 अरब डॉलर का निवेश

कंपनी के अध्यक्ष और सीईओ सत्य नडेला ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत की एआई महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने में सहयोग देने के लिए माइक्रोसॉफ्ट 17.5 अरब डॉलर का निवेश कर रही है। यह एशिया में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा निवेश होगा। नडेला के अनुसार, यह निवेश एआई-प्रधान भविष्य के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे, कौशल और संप्रभु क्षमताओं को मजबूत करेगा।

अगले दो वर्षों में क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 3 अरब डॉलर का निवेश

इससे पहले, अमेरिकी टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने जनवरी में घोषणा की थी कि वह भारत में अगले दो वर्षों में क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 3 अरब डॉलर का निवेश करेगी। कंपनी ने कहा है कि वह अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को एआई कौशल प्रशिक्षण देकर देश की दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने का लक्ष्य रखती है।

एआई कौशल कार्यक्रमों को बढ़ावा

माइक्रोसॉफ्ट की योजना क्लाउड और कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, एआई कौशल कार्यक्रमों को बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षित व संप्रभु डेटा प्रणालियों का समर्थन करने पर केंद्रित है। वर्ष 2024 में कंपनी ने एआई कौशल प्रशिक्षण के लिए ‘एडवांटा (आई)जीई इंडिया’ पहल शुरू की थी।

तेज़ी से बढ़ते एआई बाजार को देखते हुए अन्य बड़ी टेक कंपनियां भी महत्वपूर्ण निवेश कर रही हैं

उधर, भारत में तेज़ी से बढ़ते एआई बाजार को देखते हुए अन्य बड़ी टेक कंपनियां भी महत्वपूर्ण निवेश कर रही हैं। अमेजन को उम्मीद है कि स्थानीय क्लाउड और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में उसके 12.7 अरब डॉलर के निवेश से 2030 तक देश के 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों को लाभ मिलेगा। अमेजन के इमर्जिंग मार्केट्स के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि कंपनी अगले पांच वर्षों में 40 लाख सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखती है। (इनपुट: आईएएनएस)