एससीओ शिखर सम्मेलन : पीएम मोदी आज तियानजिन में शी जिनपिंग से करेंगे मुलाकात, सीमा समझौते और आर्थिक सहयोग पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रविवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात तियानजिन में हो रहे दो दिवसीय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान होगी। खास बात यह है कि दोनों नेताओं की यह दस महीनों में पहली बार आमने-सामने की बातचीत होगी। पिछली बार वे 2024 में रूस के कजान में हुए ‘ब्रिक्स शिखर सम्मेलन’ में मिले थे। इस बैठक में भारत और चीन के बीच संबंधों को बेहतर बनाने और हाल की प्रगति को आगे बढ़ाने पर चर्चा होने की उम्मीद है। खासतौर पर 3,500 किलोमीटर लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर गश्त प्रोटोकॉल पर हाल ही में हुए समझौते के बाद माहौल सकारात्मक हुआ है। इस समझौते से चार साल पुराने सीमा विवाद में कमी आई है और बातचीत का नया रास्ता खुला है।

इस महीने की शुरुआत में चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत आए और उन्होंने सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधि (एसआर) की बैठक में हिस्सा लिया। उस दौरान उन्होंने कहा था कि बीजिंग प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को “बहुत महत्व” देता है। वांग यी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात में कहा था कि स्वस्थ और स्थिर भारत-चीन संबंध दोनों देशों के दीर्घकालिक हितों के साथ-साथ बाकी विकासशील देशों के लिए भी जरूरी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाल ही में जापान के अखबार योमिउरी शिंबुन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि भारत चीन के साथ अपने रिश्ते आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी संवेदनशीलता के आधार पर आगे बढ़ाना चाहता है। उन्होंने बताया कि पिछले साल कजान में शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में “स्थिर और सकारात्मक प्रगति” हुई है।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और चीन, दुनिया के दो सबसे बड़े पड़ोसी देश हैं। इसलिए उनके बीच स्थिर और सौहार्दपूर्ण संबंध न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए भी जरूरी हैं। उन्होंने इसे बहुध्रुवीय एशिया और बहुध्रुवीय विश्व के लिए महत्वपूर्ण बताया। आर्थिक मोर्चे पर भी प्रधानमंत्री मोदी ने जोर दिया कि मौजूदा वैश्विक आर्थिक उतार-चढ़ाव के बीच भारत और चीन जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का मिलकर काम करना बेहद जरूरी है। दोनों देशों का सहयोग वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में स्थिरता ला सकता है और बाकी देशों को भी लाभ पहुंचा सकता है। -(IANS)

RELATED ARTICLES

14 hours ago | Bodh Gaya Myanmar President welcome

बोधगया पहुंचे म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग, राज्यपाल हसनैन ने किया स्वागत

म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग ने अपने भारत दौरे की शुरुआत बिहार के बोधगया से की, जहां उ...

15 hours ago | Ajit Doval Moscow security forum

आतंकवाद के खिलाफ भारत का सख्त रुख, सीमा पार समर्थन देने वाले देशों पर वैश्विक कार्रवाई की अपील

विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर क...